मोबाइल लूटकर रंगदारी मांगने वाले दो युवक गिरफ्तार, पुलिस ने साइबर टीम की मदद से पकड़ा

श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले में पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जो पिछले एक सप्ताह के दौरान विभिन्न व्यक्तियों के मोबाइल फोन लूटकर एक स्थानीय व्यापारी से 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांग रहे थे। पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता ने बताया कि आरोपियों ने लूटे गए फोनों से धमकी भरे कॉल्स करके व्यापारी को डराने की कोशिश की थी।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान दिलप्रीतसिंह चक 47 जीबी, श्रीगंगानगर निवासी और गुरलालसिंह उर्फ लाली (33) पंजाब के तरनतारन जिले के थाना सरयारी क्षेत्र के गांव जोड़ा निवासी के रूप में हुई है। इस मामले की शुरुआत 28 जनवरी को हुई, जब श्रीविजयनगर के एक व्यापारी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्ति उसे मोबाइल फोन पर धमकी देकर 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं। इस शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने साइबर टीम की सहायता ली, जिसकी मदद से धमकी देने वालों का पता लगाया गया। आज इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता ने बताया कि आरोपियों ने 28 जनवरी से 1 फरवरी के बीच श्रीगंगानगर और बीकानेर जिलों में कई व्यक्तियों के मोबाइल फोन लूटे थे। इन लूटे गए फोनों का इस्तेमाल करके वे व्यापारी को लगातार धमकियां दे रहे थे।28 जनवरी को रावला-खाजूवाला मार्ग पर ओमप्रकाश नामक व्यक्ति का मोबाइल फोन लूटा गया। इसी फोन से व्यापारी को पहली बार 2 करोड़ रुपये की रंगदारी के लिए धमकी दी गई।30 जनवरी को सूरतगढ़ सदर थाना क्षेत्र में सूरतगढ़-अनूपगढ़ मार्ग पर स्थित एक होटल मालिक का मोबाइल फोन लूटा गया।31 जनवरी को करनैल सिंह नामक व्यक्ति का मोबाइल फोन राह चलते लूट लिया गया। फिर 1 फरवरी को चंदू राम नामक व्यक्ति का मोबाइल फोन लूटा गया।पुलिस अधीक्षक ने खुलासा किया कि इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड गुरलालसिंह उर्फ लाली है। दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है।
