मंदिर से लौट रही बुजुर्ग महिला से चेन स्नैचिंग, विरोध करने पर डिवाइडर पर पटका

उदयपुर। झीलों की नगरी में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। सुखेर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने एक हैंडीक्राफ्ट बिजनेसमैन की 75 वर्षीय मां के गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात के दौरान जब बुजुर्ग महिला ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने उन्हें धक्का देकर सड़क के डिवाइडर पर गिरा दिया और फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
पूरी घटना सेलिब्रेशन मॉल के सामने सुबह करीब 8:30 बजे की है। आरके सर्कल निवासी हैंडीक्राफ्ट व्यवसायी राकेश जैन की माता रूप कुंवर (75) भुवाणा स्थित शांतिनाथ जैन मंदिर में दर्शन कर पैदल घर लौट रही थीं। घर से मात्र 100 मीटर की दूरी पर पीछे से आ रहे बाइक सवार बदमाशों में से एक नीचे उतरा और महिला के गले पर झपट्टा मारा। फुटेज में साफ दिख रहा है कि महिला ने हार नहीं मानी और बदमाश को पकड़ लिया, लेकिन आरोपी ने उन्हें जोर से धक्का दिया जिससे वे डिवाइडर पर जा गिरीं।
मदद को नहीं रुके राहगीर, दुकानदार ने किया पीछा
हैरानी की बात यह रही कि जिस वक्त यह वारदात हुई, सड़क पर कई बाइक सवार गुजर रहे थे, लेकिन किसी ने भी महिला को बचाने या बदमाशों को रोकने की जहमत नहीं उठाई। पास ही दुकान चलाने वाले देवीलाल डांगी ने शोर सुनकर आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन दौड़ते समय वे भी असंतुलित होकर गिर पड़े। इसका फायदा उठाकर बदमाश कुछ दूरी पर बाइक स्टार्ट कर खड़े अपने साथी के साथ रफूचक्कर हो गए।
पुलिस कर रही तलाश
सुखेर थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हुलिए के आधार पर बदमाशों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
