महावीर जयंती महोत्सव: बीजेएस यूथ विंग की अनूठी पहल, 'फूड ड्राइव' के तहत एक साथ 5 स्थानों पर कराया भोजन

उदयपुर | श्रमण भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में सकल जैन समाज की प्रतिनिधि संस्था महावीर जैन परिषद के तत्वावधान में सेवा कार्यों की अविरल धारा बह रही है। महोत्सव के छठे दिन मंगलवार को भारतीय जैन संघटना (बीजेएस) यूथ विंग द्वारा सेवा भाव का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए शहर के पांच अलग-अलग स्थानों पर निराश्रित और जरूरतमंद लोगों को भोजन करवाया गया।
युवाओं की 'पॉकेट मनी' से सज रही सेवा की थाली
महावीर जैन परिषद के मुख्य संयोजक एवं सकल जैन समाज के अध्यक्ष राजकुमार फत्तावत ने बताया कि बीजेएस यूथ विंग के युवा साथी पिछले 21 महीनों से अपनी पॉकेट मनी से बचत कर लगातार हर माह 'फूड ड्राइव' चला रहे हैं। महावीर जयंती के विशेष अवसर पर पहली बार इस मुहिम को व्यापक रूप देते हुए एक ही दिन में पांच प्रमुख केंद्रों पर भोजन वितरण का लक्ष्य पूरा किया गया।
इन पांच सेवा केंद्रों पर पहुँचा प्यार और भोजन
बीजेएस अध्यक्ष दीपक सिंघवी एवं यूथ विंग अध्यक्ष भाविक पोखरना के अनुसार, सेवा कार्य का विस्तार इन केंद्रों पर रहा: संजीवनी दिव्यांग छात्रावास (सेक्टर 6): लोकेश व लविश डांगी के सहयोग से,अपना घर आश्रम (बेदला): नितेश व लवनीश महात्मा, तारा संस्थान (सेक्टर 14): संदीप व हितार्थ कावडि़या,आशाधाम आश्रम (मल्लातलाई): चंदनमल व दिलीप जारोली, प्रज्ञा चक्षु अंध विद्यालय (मल्लातलाई): मुकेश व भाविन कच्छारा के सहयोग से।
सहयोगियों का हुआ मेवाड़ी परंपरा से सम्मान
यूथ विंग के कार्यकारी अध्यक्ष आयुष वक्तावत व महामंत्री भाविन कच्छारा ने बताया कि इस पुण्य कार्य में हाथ बंटाने वाले पांचों सहयोगियों का मेवाड़ी परंपरा के अनुसार उपरणा ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
इस वृहद सेवा अभियान में जय चौधरी, यश परमार, सर्वेश जैन, मनन कोठारी, रक्षित गोखरू, वत्सल मारू, परम दशरड़ा, यशवीर व लक्ष्य सोनी, वैभव जारोली, निमित लोढ़ा, रौनक दक, रौनक पितलिया, चिराग करणपुरिया, कृति जैन, श्रेया दशोरा और महेंद्र तलेसरा सहित यूथ विंग के सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
