जिला स्तरीय पंच गौरव मेला व प्रदर्शनी 5 व 6 मार्च को


उदयपुर, । प्रत्येक जिले की विरासत और पारिस्थितिकी के संवर्धन के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रारंभ किए गए पंच गौरव कार्यक्रम के तहत उदयपुर जिला प्रशासन की ओर से नवाचार किया जा रहा है। ब्लॉक स्तर पर पंच गौरव मेलों व प्रदर्शनी के बाद अब अगली कड़ी में आगामी 5 एवं 6 मार्च को विश्व प्रसिद्ध फतहसागर झील की पाल पर जिला स्तरीय पंच गौरव मेला और प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।

पंच गौरव कार्यक्रम क्रियान्वयन समन्वयक एवं जिला कलक्टर नमित मेहता ने जिला स्तरीय मेले एवं प्रदर्शनी के लिए सभी संबंधित विभागों को दायित्व सौंपते हुए आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। सदस्य सचिव पुनीत शर्मा ने बताया कि मेले के दौरान एक जिला एक उत्पाद- मार्बल एवं ग्रेनाईट,एक उपज - सीताफल,एक वनस्पति प्रजाति - महुआ, एक खेल - तैराकी तथा पर्यटन स्थल - फतहसागर एवं पिछोला से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी। मेले और प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। फतहसागर की पाल टाया पैलेस के समीप 15 स्टॉल लगाई जाएंगी, जिनमें संबंधित विभागों द्वारा पंच गौरव की संपूर्ण प्रचार-प्रसार सामग्री, उत्पाद और मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र द्वारा स्टोन मार्ट के लिए 5 स्टॉल का भी आयोजन किया जाएगा।

यह भी होंगी गतिविधियां

जिला स्तरीय मेले के दौरान पंच गौरव साक्षरता क्लब द्वारा पंच गौरव थीम पर पोस्टर मेकिंग, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा 6 मार्च को वॉकाथोन, कयाकिंग-केनोईंग का आयोजन किया जाएगा। वहीं मेले में फ़ूड कोर्ट का भी संचालन किया जाएगा।

Next Story