उदयपुर में रोजगार उत्सव की धूम: 700 से अधिक युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, खिले चेहरे

उदयपुर हलचल। झीलों की नगरी उदयपुर में शनिवार को जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। नगर निगम स्थित सुखाड़िया रंगमंच सभागार में आयोजित इस समारोह में विभिन्न सरकारी विभागों के लिए नवचयनित 700 से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण
समारोह के दौरान अजमेर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। इसमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की गरिमामय उपस्थिति रही। उदयपुर के नवनियुक्त सरकारी सेवकों ने उत्साह के साथ इस संबोधन को सुना।
ईमानदारी और सेवा का दिया संदेश
कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, जिला कलेक्टर नमित मेहता, एडीएम (शहर) जितेंद्र ओझा और सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया। कई अभ्यर्थियों ने इस पल को अपने जीवन का सबसे यादगार क्षण बताते हुए सरकार का आभार जताया।
