लेकसिटी में गूंजेगा नवकार महामंत्र: 9 अप्रैल को फतह स्कूल मैदान में जुटेगा जनसैलाब, तैयारियां जोरों पर

लेकसिटी में गूंजेगा नवकार महामंत्र: 9 अप्रैल को फतह स्कूल मैदान में जुटेगा जनसैलाब, तैयारियां जोरों पर
X

उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर में 'विश्व नवकार महामंत्र दिवस' को लेकर उत्साह चरम पर है। जीतो (JITO) उदयपुर चैप्टर के तत्वावधान में आगामी गुरुवार, 9 अप्रैल को फतह स्कूल ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस विराट धार्मिक अनुष्ठान की तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। मंगलवार को आयोजन स्थल पर विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया गया, जिसके बाद 60 हजार स्क्वायर फीट के विशाल पंडाल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।

25 लाख नवकार महामंत्र की होगी सामूहिक आराधना

कार्यक्रम संयोजक राजकुमार फत्तावत ने बताया कि 9 अप्रैल को सुबह 8:01 बजे से 9:01 बजे तक एक घंटे के भीतर 25 लाख नवकार महामंत्र की सामूहिक आराधना की जाएगी। मुख्य मंच से दिलीप सुराणा, विजयलक्ष्मी गलूंडिया और पंकज भण्डारी सहित कई आराधक मंत्रोच्चार करेंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन में उदयपुर और आसपास के क्षेत्रों से 10 हजार से अधिक धर्मावलंबियों के जुटने की संभावना है।

घर-घर बांटे पीले चावल, दिया न्योता

आयोजन को सफल बनाने के लिए जीतो लेडिज विंग की सदस्य शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर पीले चावल और श्रीफल भेंट कर समाजजनों को आमंत्रित कर रही हैं। जीतो चेयरमैन यशवंत आंचलिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न समितियों के कार्यों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव अभिषेक संचेती ने बताया कि पंडाल और बैठक व्यवस्था को भव्य रूप दिया जा रहा है, जिसमें समाज के 200 संगठनों का सहयोग मिल रहा है।

108 देशों में एक साथ गूंजेगा महामंत्र, विश्व शांति की कामना

यह आयोजन केवल उदयपुर तक सीमित नहीं है। विश्व के 108 देशों और 100 से अधिक मेगा इवेंट्स के माध्यम से लाखों लोग एक ही समय पर नवकार महामंत्र का जाप करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य वर्तमान वैश्विक उथल-पुथल और युद्ध के दौर में संपूर्ण विश्व में शांति की कामना करना है।

नवकारसी का होगा विशेष आयोजन

महामंत्र जाप के पश्चात वंडर सीमेंट के पाटनी परिवार की ओर से 'नवकारसी' (भोज) का आयोजन रखा गया है। नवकारसी संयोजक श्याम नागौरी ने बताया कि इसके लिए 100 से अधिक महिला-पुरुष कार्यकर्ताओं की टीम व्यवस्थाएं संभाल रही है। भूमि पूजन के दौरान यशवंत कोठारी, अनिल हाथी, दिनेश सिंघवी, पीयूष कोठारी सहित जीतो के कई पदाधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Next Story