15वां राष्ट्रीय बाल साहित्यकार सम्मेलन उदयपुर में 26 अक्टूबर को

उदयपुर, । सलिला संस्था तथा राजस्थान साहित्य अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में 15वां राष्ट्रीय बाल साहित्यकार सम्मेलन 26 अक्टूबर को उदयपुर में होगा। इसमें सलिला साहित्य रत्न सम्मान प्रदान किया जाएगा। साथ ही प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

यह रहेगा आकर्षण

सलिला संस्थान की अध्यक्ष डॉ विमला भण्डारी ने बताया कि सलिल प्रवाह वार्षिकी अंक डॉ शील कौशिक के बाल साहित्य पर केंद्रित होगा। बाल साहित्य में आलेख विधा पर केंद्रित होगा। इस वर्ष बच्चों के ज्ञानवर्धक आलेख पुस्तक का लोकार्पण एवं समीक्षा होगी। यह पुस्तक संस्था द्वारा आयोजित की गई बाल साहित्य में आलेख विधा में प्राप्त चुनिंदा श्रेष्ठ आलेख का संकलन और संपादन है। डॉ विमला भण्डारी लिखित बाल कहानी संग्रह मधुबन की सरस कहानियां तथा मधु माहेश्वरी की बाल कविता संग्रह अभिलाषा का लोकार्पण और समीक्षा होगी।

सम्मेलन में बीज वक्तव्य का विषय बाल साहित्य फलक पर अंतरिक्ष पर होगा। कार्यक्रम में कोलकाता, दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान राज्यों से 50 से अधिक साहित्यकारों- पत्रिका संपादक तथा उदयपुर सहित राजस्थान की 12 जिलो से अतिथियों की सहभागिता रहेगी।

इन्हें मिलेगा सलिला साहित्य रत्न सम्मान

डॉ भण्डारी ने बताया कि इस वर्ष चार पुस्तकों पर सलिला साहित्य रत्न सम्मान दिया जाएगा। इसमें इंदौर के गोपाल माहेश्वरी को सुर सारंग (दोहा-2022), कोटा की प्रज्ञा गौतम को धरती छोड़ने के बाद (विज्ञान कथाएं-2023), मुंबई की पूनम अहमद को मूनगेट (हिंदी कहानी संग्रह-2023) तथा अहमदाबाद की मल्लिका मुखर्जी को जिंदगी इम्तिहान लेती है (हिंदी आत्मकथा-2024) के लिए सलिला साहित्य रत्न सम्मान से नवाजा जाएगा। इसके अलावा आलेख प्रतियोगिता के कुल 11 विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे। इसमें प्रथम विजेता शिखरचंद जैन (कोलकाता), रश्मि वार्ष्णेय (मुंबई) आकांक्षा दत्ता (पुणे) यशपाल शर्मा (भीलवाड़ा) डॉ. इंदु गुप्ता (फरीदाबाद), द्वितीय विजेता प्रियंका गुप्ता (जयपुर), रघुराज सिंह कर्मयोगी (कोटा) डॉ. लता अग्रवाल (भोपाल) दिवाकर राय (बिहार) डॉ. शील कौशिक (सिरसा) नीना छिब्बर (जोधपुर) पुरस्कृत होंगे।

Next Story