कुएं में गिरने से 19 वर्षीय युवती की मौत

कानोड़ (उदयपुर) । उदयपुर जिले के कानोड़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक 19 वर्षीय युवती की बिना मुंडेर के कुएं में गिरने से मौत हो गई। मृतका की पहचान वर्षा मंदावत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वर्षा पिछले 8 वर्षों से मानसिक रूप से कमजोर थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे वर्षा अपनी दादी के साथ घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित अपने खेत पर गई थी। जिस समय उसकी दादी भैंस का दूध निकाल रही थी, तभी वर्षा कुएं के पास पहुंच गई और अपनी चप्पलें बाहर खोलकर कुएं में छलांग लगा दी।
दादी ने जब वर्षा को आसपास नहीं पाया तो उसकी तलाश शुरू की। कुएं के किनारे उसकी चप्पलें पड़ी देख अनहोनी की आशंका हुई, जिस पर तुरंत परिजनों और ग्रामीणों को सूचित किया गया। ग्रामीणों ने रस्सी की मदद से उसे निकालने का प्रयास किया और मोटर लगाकर कुएं का पानी भी खाली किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सूचना मिलते ही उदयपुर से नागरिक सुरक्षा विभाग (सिविल डिफेंस) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 10 बजे युवती के शव को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कानोड़ के राजकीय चिकित्सालय भिजवाया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
