51,701 अभ्यर्थियों ने दिया परीक्षा, 18 हजार से अधिक रहे गैरहाजिर

उदयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के तत्वावधान में प्रदेश भर में शुक्रवार से चतुर्थ श्रेणी सीधी भर्ती परीक्षा प्रारंभ हुई। उदयपुर में पहले दिन दो पारियों में 51701 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा समन्वयक एवं एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़ ने बताया कि जिला कलक्टर नमित मेहता के निर्देशन में उदयपुर में तीन दिवसीय परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से प्रारंभ हुई। जिले में 112 केंद्र स्थापित किए गए हैं। सुबह 10 से 12 बजे तक हुई पहली पारी में 35220 अभ्यर्थियों में से 25795 उपस्थित रहे, वहीं 9425 की अनुपस्थिति दर्ज की गई। अपराह्न 3 से 5 तक हुई द्वितीय पारी में 35215 में से 25906 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। दूसरी पारी में 9309 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। इस प्रकार दोनों पारियों में औसतन 73.4 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। राठौड़ ने बताया कि 20 सितम्बर को भी दोनों पारियों में क्रमशः 35214 एवं 35216 तथा 21 सितम्बर को क्रमशः 35215 एवं 35221 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
