नो-एंट्री में घुसे डंपर ने महिला को कुचला, टिफिन देने जा रही मां का पैर हुआ क्षत-विक्षत

नो-एंट्री में घुसे डंपर ने महिला को कुचला, टिफिन देने जा रही मां का पैर हुआ क्षत-विक्षत
X

उदयपुर। शहर के फतहपुरा चौराहे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा घटित हुआ, जिसने प्रशासन की 'नो-एंट्री' व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। अपने बेटे को टिफिन देने जा रही एक मां तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गई। डंपर का भारी-भरकम टायर महिला के पैर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनका पैर बुरी तरह कुचल गया।

दर्द से तड़पती रही महिला, एंबुलेंस की देरी पर फूटा गुस्सा

जानकारी के अनुसार, 58 वर्षीय भावना देवी अपने बेटे लखन को टिफिन देने के लिए घर से निकली थीं। फतहपुरा चौराहे पर एक अनियंत्रित डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि महिला का एक पैर पूरी तरह बिखर गया और वह सड़क पर ही बैठी दर्द से कराहती रही। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन एंबुलेंस के करीब आधा घंटा देरी से पहुंचने पर स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और वहां हंगामे की स्थिति बन गई।

नो-एंट्री में कैसे घुसा भारी वाहन?

प्रत्यक्षदर्शी योगेश पालीवाल ने बताया कि डंपर नियमों को ताक पर रखकर नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश कर गया था। इसी लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डंपर को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल महिला को एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय निवासियों ने शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाने और दोषी ड्राइवर के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की है।

Tags

Next Story