511 फीट लंबे ऐतिहासिक जैन ध्वज के साथ निकली भव्य शोभायात्रा

उदयपुर । श्री वर्धमान जैन श्रावक समिति और महावीर नवयुवक मंडल, सेक्टर 3 के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को महावीर जयंती का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 511 फीट लंबा और 8 फीट चौड़ा ऐतिहासिक जैन महाध्वज रहा, जिसे देख श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
ड्रोन से हुए दिव्य दर्शन
ध्वज के प्रदर्शन के दौरान तकनीक और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। जैसे ही विशाल महाध्वज पूरी तरह खुला, ड्रोन के माध्यम से भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा के दर्शन कराए गए। उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ भगवान के दिव्य स्वरूप का लाभ प्राप्त किया।
केसरिया और लाल रंग में रंगी उपनगरीय सड़कें
आयोजन के तहत निकाली गई साइकिल एवं दोपहिया वाहन रैली में युवाओं का जोश चरम पर था। ड्रेस कोड के पालन ने शोभायात्रा की शोभा में चार चांद लगा दिए। पुरुष सफेद कुर्ता-पायजामा और लाल साफे में नजर आए, वहीं महिलाएं लाल साड़ी और पिंक साफे में सम्मिलित हुईं। स्केटिंग करते बच्चों के दल ने अपनी कलाबाजी से सभी का मन मोह लिया।
समाज ने जताया आभार
समिति के अध्यक्ष आनंदीलाल बंबोरिया, सचिव संजय अलावत, मंडल अध्यक्ष संदीप लोढ़ा एवं सचिव अभय कोठारी ने बताया कि इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में संपूर्ण जैन समाज का अभूतपूर्व सहयोग रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी सहयोगियों और सहभागियों का आभार व्यक्त किया गया।
