उदयपुर-अजमेर एक्सप्रेस में कांच की बोतल फेंकने से युवती घायल

उदयपुर। उदयपुर-अजमेर एक्सप्रेस ट्रेन में किसी ने कांच की बोतल फेंक दी, जिससे खिड़की के पास बैठी एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। युवती की नाक, मुंह और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद युवती जोर-जोर से चिल्लाने लगी, जिससे ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और ट्रेन को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। घटना गुरुवार सुबह देबारी के मेघवालों की घाटी गांव के पास हुई। घायल युवती को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
युवती अपनी बहन के साथ यात्रा कर रही थी। रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावर की पहचान करने तथा हमले के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
GRP थानाधिकारी गोवर्धन सिंह ने बताया कि घायल शिफा (25) को उदयपुर के एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिफा अपनी बहन के साथ जनरल डिब्बे में उदयपुर से फतहनगर जा रही थी। राणा प्रताप नगर स्टेशन (उदयपुर) से ट्रेन 11:34 बजे रवाना हुई थी और करीब 11:47 पर यह घटना हुई। घायल युवती के बताए गए स्थान के अनुसार पुलिस ने घटनास्थल से लगभग 4 से 5 किलोमीटर के क्षेत्र को चिह्नित किया है।
