घरेलू गैस के अवैध भंडारण एवं उपयोग के विरुद्ध कार्रवाई



चित्तौड़गढ़ । जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देशानुसार प्रशासन, रसद विभाग एवं पुलिस विभाग के समन्वय में गठित जिला सतर्कता टीम द्वारा संपूर्ण जिले में गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया तथा घरेलू गैस के अवैध भंडारण एवं उपयोग के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

भदेसर उपखण्ड में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण एवं उपयोग की शिकायत पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। चित्तौड़गढ़ हाईवे स्थित होटलों पर औचक निरीक्षण के दौरान उपयोग में लिए जा रहे 5 घरेलू गैस सिलेंडरों को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई प्रस्तावित की गई।

टीम द्वारा जिले में कुम्भानगर स्थित गैस एजेंसी का निरीक्षण कर स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। गैस एजेंसी को राज्य सरकार के निर्देशानुसार उपभोक्ताओं को गैस वितरण सुनिश्चित करने हेतु पाबंद किया गया।

जिले में वर्तमान में कुल 28 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनमें 3,85,680 सक्रिय घरेलू गैस कनेक्शन हैं। उपभोक्ताओं के लिए 6,999 घरेलू गैस सिलेंडर वितरण हेतु उपलब्ध हैं। सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से नियमित रूप से गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं।

ऑयल कंपनियों के अधिकारियों ने घरेलू गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की पैनिक बुकिंग या अनावश्यक भंडारण न करें। साथ ही गैस के उपयोग में मितव्ययता बरतें तथा वैकल्पिक ईंधन साधनों जैसे सोलर कुकर, इलेक्ट्रिक इंडक्शन चूल्हा एवं बायोगैस का उपयोग करें।

आमजन से आग्रह है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। व्यावसायिक गैस सिलेंडर (19 किलोग्राम) की आपूर्ति केवल अस्पतालों एवं शैक्षणिक संस्थानों को आवश्यकता अनुसार की जाएगी।

जिन उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग में समस्या आ रही है, उन्हें आधार आधारित बायोमेट्रिक ई-केवाईसी के पश्चात बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सभी ऑयल कंपनियों द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधा हेतु मोबाइल नंबर, व्हाट्सएप नंबर एवं मोबाइल ऐप के माध्यम से बुकिंग की व्यवस्था की गई है।

Next Story