अवैध गैस रिफिलिंग पर प्रशासन का बड़ा प्रहार: घर में चल रहा था खेल, 21 सिलेंडर और 2 रिफिलिंग मशीनें जब्त

उदयपुर, । घरेलू गैस सिलेण्डर के दुरुपयोग तथा कालाबाजारी की रोकथाम को लेकर जिला कलक्टर नमित मेहता के निर्देशन में प्रशासन एवं रसद विभाग की टीमें पूरी तरह से मुस्तैद हैं। विभाग ने शहर में कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में सिलेण्डर जब्त किए।
जिला रसद अधिकारी प्रथम सुश्री सृष्टि डबास (प्रशिक्षु आईएएस) के निर्देशन में रसद विभाग के सतर्कता दल ने अवैध गैस रिफिलिंग और जमाखोरी के खिलाफ कार्रवाई की। प्रवर्तन निरीक्षक विशेष मीणा, डॉ. हिमानी सिंह सोलंकी एवं डॉ. कोमल सिंह सोलंकी की टीम ने विनायक वाटिका के सामने उदयपुर-फतहनगर रोड स्थित एक मकान पर जांच की। इस दौरान मौके से 21 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए तथा दो गैस रिफिलिंग मशीनें स्थापित पाई गईं, जिनमें से एक मशीन से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते हुए पाया गया। टीम ने दोनों मशीनों को जब्त कर लिया।
इसी क्रम में प्रवर्तन अधिकारी मानसी पंड्या और प्रवर्तन निरीक्षक डॉ. हिमानी सिंह सोलंकी की टीम ने सूरजपोल क्षेत्र में भी कार्रवाई की। इस दौरान गणेश रेस्टोरेंट से अवैध रूप से उपयोग में लिए जा रहे चार घरेलू गैस सिलेंडर किचन से बरामद किए गए। वहीं संतोष दालबाटी, सूरजपोल में जांच के दौरान तीन व्यवसायिक गैस सिलेंडर बिना वैध दस्तावेज के पाए जाने पर उन्हें भी मौके पर जब्त कर लिया गया।
रसद विभाग की इस कार्रवाई से अवैध गैस रिफिलिंग और जमाखोरी करने वालों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
