मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में मिली 41 हजार की सहायता

उदयपुर, । राजस्थान सरकार के सेवा पर्व पखवाड़ा के अंतर्गत बुधवार को कृषि मंडी बलीचा में आयोजित शहर सेवा शिविर में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत एक ज़रूरतमंद परिवार को त्वरित सहायता प्रदान की गई।
बलीचा निवासी श्रीमती राजु कंवर की पुत्री श्रीमती प्रकाश कंवर राजपूत का आवेदन दस्तावेजों की अपूर्णता के कारण कन्यादान योजना में स्वीकृत नहीं हो सका था। शिविर के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अनुप्रिया मीणा व रोशन मीणा ने व्यक्तिगत रूप से सहयोग कर आवश्यक दस्तावेज़ पूर्ण करवाए, जिसके बाद सामाजिक सुरक्षा अधिकारी हर्षित कुमार पंचोली ने आवेदन को तत्काल स्वीकृत किया। शिविर में उपस्थित नगर निगम उपायुक्त दिनेश मंडोवरा, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री पंचोली द्वारा श्रीमती राजु कंवर को उनकी पुत्री के विवाह हेतु 41,000 रूपए की सांकेतिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
इसी के साथ बुजुर्ग महिला लोगरी बाई और उनके पति श्री रूपलाल गमेती को भी वृद्धावस्था पेंशन के लिए हाथों हाथ आवेदन कराकर प्रक्रिया पूर्ण की गई। अब दंपती को मासिक 2,500 रूपए की पेंशन प्राप्त होगी। त्वरित रूप से योजना से लाभ प्राप्त होने पर लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
