झाड़ोल में खूनी खेल: दो युवकों की तलवारों से काट कर हत्या, बीच-बचाव करने आया दुकानदार गंभीर घायल

झाड़ोल/उदयपुर। उदयपुर जिले के झाड़ोल थाना क्षेत्र के बाघपुरा में शुक्रवार रात बेखौफ बदमाशों ने खूनी तांडव मचाया। सैलाना गांव के पास आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने बाइक सवार दो युवकों को रोककर उन पर तलवारों और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि शोर सुनकर बचाने आए एक किराना दुकानदार को भी बदमाशों ने लहूलुहान कर दिया।
रास्ता रोककर किया हमला
बाघपुरा थानाधिकारी वेलाराम के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 8 बजे की है। रिछावर निवासी सुरेश (25) पुत्र अमृत अहारी और भैरूलाल (27) पुत्र प्रभुलाल बड़गोजा अपनी बाइक पर सवार होकर सैलाना की ओर जा रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे करीब आधा दर्जन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बिना कुछ कहे बदमाशों ने युवकों पर हथियारों से हमला बोल दिया। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दुकानदार पर भी वार, उदयपुर रेफर
चीख-पुकार सुनकर पास ही किराना दुकान चलाने वाला सुमित (30) पुत्र रूपजी उन्हें बचाने दौड़ा, लेकिन सनकी बदमाशों ने उस पर भी हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों को आता देख बदमाश अपनी बाइकों पर सवार होकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। लहूलुहान दुकानदार को तुरंत झाड़ोल उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया गया।
पुरानी रंजिश की आशंका
पुलिस ने शनिवार सुबह शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक सुरेश बाघपुरा में एक फास्टफूड रेस्टोरेंट पर काम करता था। पुलिस इस दोहरे हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जता रही है। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस जाब्ता तैनात है और संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
