गड्ढे का मनाया जन्मदिन, लोगों ने केक काटकर जताया विरोध

उदयपुर । हिरणमगरी क्षेत्र से सटे मनवाखेड़ा इलाके में एक अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। गुरुवार को स्थानीय लोगों ने सड़क पर बने गहरे गड्ढे का "जन्मदिन" मनाया। गड्ढे को बने एक साल पूरे होने पर लोगों ने केक काटा और नगर निगम व स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के जिम्मेदारों के खिलाफ नाराजगी जताई।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस गड्ढे को लेकर कई बार प्रशासन को सूचित किया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। खासकर बारिश के मौसम में यह गड्ढा दुर्घटनाओं का कारण बनता है और लोगों के लिए परेशानी का सबब बन चुका है।
विरोध स्वरूप केक काटने के बाद लोगों ने बताया कि गड्ढे की हालत और प्रशासन की उदासीनता को उजागर करने के लिए यह तरीका अपनाया गया। उनका कहना है कि जब तक सड़क की मरम्मत नहीं होती, ऐसे विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे। लोगों की यह पहल सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है, जहां आम जनता प्रशासन से जवाब मांग रही है।
