मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना,अभ्यर्थियों से किया संवाद, योजनाओं से लाभान्वित होने का आह्वान

उदयपुर,। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना का संचालन किया जा रहा है। योजना का मुख्य उद्देश्य युवा अभ्यार्थियों को विभिन्न प्रोफेशनल कोर्स की प्रवेश परीक्षाओं एवं सरकारी नौकरियों के लिए आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कोचिंग संस्थाओं के माध्यम से उत्कृष्ट ढंग से करवाकर रोजगारोन्मुख बनाने हेतु समान अवसर प्रदान करना है। योजना के तहत् उदयपुर जिला मुख्यालय पर डा. अनुष्का मेमोरियल एजुकेशन सोसायटी, ऐलन इंस्टीट्युट, फिजिक्स वाला एवं सीएल एजुकेट संस्थान योजनान्तर्गत चिन्हित होकर इन्जिनियरिंग, मेडीकल, सी ए, बैंक कॉन्सटेबल, ग्राम सचिव, पटवारी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिये पात्र एवं चयनित विद्यार्थियों को लाभान्वित कर रहे है।
अनुष्का संस्थान में शनिवार को कोचिंग प्राप्त करने वाले विभिन्न कोर्स के विद्यार्थियों का कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने छात्र-छात्राओं को लक्ष्य आधारित रहकर योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु प्रोत्साहित किया। सहायक निदेशक अरूषि जैन ने नियमित उपस्थिति हेतु पाबन्द करते हुए अच्छा परिणाम देने हेतु उत्साहवर्द्धन किया। अनुष्का एकेडमी के राजीव सुराणा ने सभी का स्वागत करते हुए अवगत कराया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं जिसमें तृतीय श्रेणी अध्यापक परीक्षा में 26, चतुर्थ श्रेणी कार्मिक परीक्षा में 5, कृषि सुपरवाइजर परीक्षा में 1, एएनएम थर्ड ग्रेड नर्स परीक्षा में 4, पटवारी परीक्षा में 4, राज. पुलिस कॉन्सटेबल परीक्षा में 6 सहित कुल 58 छात्र-छात्राओं ने उक्त योजनान्तर्गत कोचिंग प्राप्त करके सफलता प्राप्त की है। प्रवेशित छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा बेग, टी-शर्ट, रीडिंग बुक वितरित की गई। कार्यक्रम का संचालन भूपेश कुमार ने किया।
