अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 का काउंटडाउन: प्रताप गौरव केंद्र पर 800 लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

उदयपुर | अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों का शंखनाद झीलों की नगरी उदयपुर में भव्य रूप से हो चुका है। आयुष मंत्रालय द्वारा चयनित देश के प्रथम 100 प्रमुख शहरों में उदयपुर को भी शामिल किया गया है, जिसके तहत बुधवार, 18 मार्च 2026 को राष्ट्रीय तीर्थ प्रताप गौरव केंद्र पर भव्य 'योग महोत्सव' का आयोजन किया गया।
कॉमन योग प्रोटोकॉल का हुआ अभ्यास
आयुष मंत्रालय के मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, अर्बुदारण्य आरोग्य संस्थान, प्रताप गौरव केंद्र और इंडियन योग एसोसिएशन (राजस्थान शाखा) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 800 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह 7:00 बजे शुरू हुए सत्र में योग प्रशिक्षक पुष्पदीप ने भारत सरकार द्वारा निर्धारित 'कॉमन योग प्रोटोकॉल' के अनुसार योगाभ्यास करवाया।
योग: विश्व को भारत की अमूल्य देन
कार्यक्रम का संचालन करते हुए इंडियन योग एसोसिएशन के संयुक्त सचिव हिमांशु पालीवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की 'सर्वे भवंतु निरामया' की भावना को साकार करता है। उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ की मान्यता के बाद विश्व भर में भारतीय योग का डंका बज रहा है और आज पूरी दुनिया निरोगी रहने के लिए योग का अनुसरण कर रही है।
प्रमुख अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति
इस योग उत्सव में आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राहुल जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में रिटायर्ड डीन डॉ. महिप भटनागर और एनएमओ उदयपुर महानगर उपाध्यक्ष डॉ. राजवीर सिंह ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रताप गौरव केंद्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने की।
जन-जन की रही भागीदारी
इस महोत्सव में स्थानीय विद्यालयों, महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों, योग संस्थाओं के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने सामूहिक योग कर स्वास्थ्य का संदेश दिया। कार्यक्रम की सफलता में मनोहर पालीवाल, श्याम सिंह, अचल शंकर शर्मा और नमन सहित मुख्य कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
