जिला कलक्टर का कुराबड़ दौरा: विकास कार्यों का निरीक्षण, सुनीं जनसुनवाई

उदयपुर, । जिला कलेक्टर नमित मेहता ने मंगलवार को कुराबड़ क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न सरकारी कार्यालयों और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं की मौका निरीक्षण करते हुए प्रगति की समीक्षा की अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर मेहता मंगलवार सांय सबसे पहले तहसील कार्यालय कुराबड़ पहुँचे, जहां उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन नए तहसील कार्यालय भवन का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए और नियमित रूप से इसकी मॉनिटरिंग की जाए।
अमृत सरोवर और जुनेश्वर महादेव तालाब का भी निरीक्षण
श्री मेहता उपला चोटिया स्थित अमृत सरोवर पहुंचे, जहां उन्होंने सरोवर की स्थिति का निरीक्षण किया और इसके संरक्षण तथा रखरखाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अमृत सरोवर जैसी महत्वपूर्ण जल संरचनाओं की नियमित देखरेख की जाए ताकि जल संरक्षण के उद्देश्य को सफल बनाया जा सके। उन्होंने पंचायत समिति कार्यालय कुराबड़ का भी अवलोकन किया। कार्यालय परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को इसी प्रकार स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। जुनेश्वर महादेव तालाब और नर्सरी का निरीक्षण करते हुए जिला कलक्टर ने तालाब में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि जलाशयों की साफ-सफाई और संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बालिका छात्रावास का अवलोकन, छात्राओं से किया संवाद
इसके बाद जिला कलक्टर श्री मेहता ने कुराबड़ स्थित जनजाति बालिका आश्रम छात्रावास का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद करते हुए छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं, भोजन, पढ़ाई और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं से फीडबैक लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रावास में छात्राओं को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं और छात्राओं की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।
परमदा में सुनी परिवेदनाएं
कलेक्टर श्री मेहता ने भारत निर्माण सेवा केंद्र, परमदा का भी दौरा किया। यहां उन्होंने आमजन की परिवेदनाएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए लोगों को राहत प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। इस अवसर पर एसडीएम अवुला साई कृष्ण, तहसीलदार बृजेंद्र सिंह राठौड़, बीडीओ वीरेंद्र कुमार व्यास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
