राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल हुए डॉ. दवे, प्रतियोगी छात्रों के लिए निःशुल्क मार्गदर्शन

उदयपुर, । विप्र समाज के वैश्विक संगठन विप्र फाउंडेशन के पुष्कर में आयोजित 18 वें राष्ट्रीय अधिवेशन में फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक एवं संस्थापक सुशील ओझा ने शिक्षा, रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षा प्रकोष्ठ, विप्र फाउंडेशन ज़ोन-1ए के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एच.आर. दवे को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सदस्य बनाए जाने की घोषणा की। इस उपलब्धि पर निम्बार्क बी. एड. कॉलेज, उदयपुर में प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों, समाज के गणमान्य व्यक्तियों, शिक्षाविदों एवं युवा साथियों द्वारा उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
अभिनंदन समारोह के दौरान शिक्षा प्रकोष्ठ प्रदेश सचिव गणेश नागदा ने डॉ. दवे के लंबे समय से शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह चयन उनकी प्रतिबद्धता, नेतृत्व क्षमता एवं निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि डॉ. दवे ने हमेशा विद्यार्थियों को सही दिशा देने, उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने तथा उनकी सफलता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके मार्गदर्शन में कई अभ्यर्थियों ने आर.ए.एस, तहसीलदार, असिस्टेंट प्रोफेसर, शिक्षक, पुलिस इंस्पेक्टर, कृषि अधिकारी सहित विभिन्न प्रतिष्ठित पदों पर चयन प्राप्त कर समाज का नाम गौरवान्वित किया है।
कार्यक्रम में शिक्षाविद् डॉ. भगवती शंकर व्यास ने यह भी उल्लेख किया कि डॉ. दवे शिक्षा को समाज के विकास का आधार मानते हुए निरंतर प्रयासरत रहते हैं जिससे समाज के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उचित अवसर एवं मार्गदर्शन प्राप्त हो सके। उनके नेतृत्व में समय-समय पर करियर काउंसलिंग, मोटिवेशनल सेमिनार, मॉक इंटरव्यू तथा निःशुल्क मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं, जिनसे हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिला है।
इस अवसर पर डॉ. एच.आर. दवे ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं बल्कि पूरे संगठन एवं उन सभी विद्यार्थियों का है जो अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ करते हुए शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी कार्य करेंगे।
डॉ. दवे ने घोषणा करते हुए बताया कि आगामी अप्रैल माह में सनातन के सर्व समाजों के विद्यार्थियों के लिए आई.ए.एस., आर.ए.एस. जैसी उच्च सेवाओं की प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु एक विशाल निःशुल्क सेमिनार अप्रेल माह में आयोजित किया जाएगा। इस सेमिनार में अनुभवी विषय विशेषज्ञों, चयनित अधिकारियों एवं पूर्व आई. ए. एस. एवं आर. ए. एस. टॉपर्स द्वारा विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, विषय चयन, इंटरव्यू तकनीक एवं सफलता के मूल मंत्रों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि यह सेमिनार पूर्णतः निःशुल्क होगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थी भी इसका लाभ उठा सकेंगे। साथ ही, कार्यक्रम में गत वर्ष 2025 में प्रतियोगी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा तथा प्रतिभागियों को प्रेरणा एवं आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. हनुमान सहाय ने की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. एच.आर. दवे को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में शिक्षा, रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षा प्रकोष्ठ नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
इस कार्यक्रम में डॉ. कल्पना शर्मा, डॉ. जे.पी.श्रीमाली, प्रणय जानी, दीपिका मेनारिया, हेमंत आमेटा, राजेश पालीवाल,नीरज नागदा, लोकेश पालीवाल, भरत चौबीसा, दिनेश शुक्ला, राजेंद्र आमेटा आदि शिक्षाविद्, आई. टी. एक्सपर्ट्स एवं विषय विशेषज्ञ उपस्थित थे।
