अमृता मेले के चौथे दिन जागरूकता की गूंज अमृता मेले के चौथे दिन निकली बाइक रैली, बेटियों को बचाने और पढ़ाने का दिया संदेश

उदयपुर । अमृता मेले के चौथे दिन महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ कई प्रभावशाली कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। निर्भया कमांडो और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य बाइक रैली निकाली गई। रैली को अंतरराष्ट्रीय राइफल शूटर पलक गुर्जर की गरिमामयी उपस्थिति ने विशेष पहचान दी। रैली अमृता हाट से प्रारंभ होकर दिल्ली गेट, बाबू बाजार, जगदीश चौक, हाथीपोल और गुलाब बाग होते हुए पुनः अमृता हाट पहुंची। पूरे मार्ग में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ”, “बाल विवाह बंद करो” और “महिला हिंसा का विरोध करो” जैसे नारों से वातावरण गुंजायमान रहा। शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया। पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए ।
इस अवसर पर पलक गुर्जर ने युवतियों को आत्मरक्षा, शिक्षा और खेलों में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं और समाज को उन्हें समान अवसर देने चाहिए। उनकी उपस्थिति से युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मेले में हरिहर ट्रस्ट एवं शाश्वत ट्रस्ट के सहयोग से महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और मेले में आई अन्य महिलाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 200 से अधिक महिलाओं का हीमोग्लोबिन परीक्षण एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। विशेषज्ञों ने महिलाओं को एनीमिया से बचाव, पोषणयुक्त आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया।
अमृता प्रीमियम लीग के अंतर्गत मीरा गर्ल्स कॉलेज और महिला अधिकारिता टीम के बीच रोमांचक क्रिकेट मैच खेला गया। मुकाबले में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें मीरा गर्ल्स कॉलेज ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ट्रॉफी अपने नाम की। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। जेंडर स्पेशलिस्ट विमला वीरवाल ने जानकारी दी कि अमृता हाट का समापन समारोह कल दोपहर 3 बजे आयोजित किया जाएगा। समापन अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे।
