राज्य स्तरीय एचएसएमएस पोर्टल से होगी प्रभावी मॉनिटरिंग

उदयपुर,। जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के सभागार में हॉस्टल एवं स्कूल मेनेजमेंट सिस्टम (एचएसएमएस) पोर्टल के विभिन्न मॉड्यूल के संबंध में गहन मॉनिटरिंग बैठक अतिरिक्त आयुक्त जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग कृष्णपाल सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों के प्रभारियों एवं अन्य अधिकारियों सहित कुल 35 सदस्यों ने भाग लिया।
कृष्णपाल सिंह चौहान ने कहा कि विभाग के विभिन्न छात्रावास एवं आवासीय विद्यालय दूर-दराज क्षेत्रों में संचालित है ऐसी स्थिति में पोर्टल के माध्यम से प्रभावी मॉनिटरिंग की जाकर संचालन को बेहतर बनाया जा सकता है, अतः छात्र/छात्रा उपस्थिति, वार्डन रिपोर्टिग, अभिभावक/विद्यार्थी फीडबैक, विजिट एवं हॉस्टल प्रोफाइल आदि सभी मॉडयूल पर वार्डन द्वारा शत प्रतिशत कार्य किया जायें। जो वार्डन लगातार मॉनिटरिंग के पश्चात् भी कार्य नहीं करने पर नियमानुसार कार्यवाही करने हेतु जिलों को निर्देशित किया गया। साथ ही राज्य स्तरीय मॉनिटरिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं वार्डन को प्रोत्साहित करने हेतु रैकिंग निर्धारण करने के संबंध में आई. टी शाखा को निर्देश प्रदान किये गए। इसके पश्चात सभी जिलों द्वारा एचएसएमएस पोर्टल के विभिन्न मॉड्यूल में दर्ज की जाने वाली सूचनाओं पर प्रस्तुतीकरण किया गया एवं अतिरिक्त निदेशक गिरिराज कथीरिया द्वारा प्रत्येक मॉडयूल पर समीक्षा की जा कर समस्याओं का समाधान किया गया। आश्रम छात्रावासों एवं आवासीय विद्यालयों में ऑनलाइन प्रवेश के संबंध में डॉ. अमृता दाधीच द्वारा विस्तार से चर्चा की गयी एव सुझावों का संकलन किया गया।
बैठक में उप निदेशक (शिक्षा) राकेश रॉयल, तथा डूंगरपुर जिले के जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग सत्य प्रकाश कस्वां भी उपस्थित रहे । बैठक का संचालन एचएसएमएस नोडल मॉनिटरिंग अधिकारी डॉ. अमृता दाधीच द्वारा किया गया।
