चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में जोरदार ब्लास्ट, धू-धू कर जली गाड़ी; बाल-बाल बचा परिवार

चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में जोरदार ब्लास्ट, धू-धू कर जली गाड़ी; बाल-बाल बचा परिवार
X

उदयपुर। शहर के वल्लभनगर उपखंड स्थित शांति नगर में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहाँ एक घर में चार्ज हो रही इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी अचानक धमाके के साथ फट गई। ब्लास्ट इतना भीषण था कि स्कूटी ने तुरंत आग पकड़ ली और लपटें घर की छत तक पहुँच गईं। धमाके की आवाज सुनकर पड़ोसी भी घरों से बाहर निकल आए और भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

छत का पीवीसी पैनल जला, बाहर फेंका गया गैस सिलेंडर

स्कूटी मालिक पंकज अग्रवाल ने बताया कि रविवार को शांति नगर स्थित उनके आवास पर स्कूटी चार्जिंग पर लगी थी। अचानक हुए धमाके के बाद डिक्की से आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं, जिससे पार्किंग की छत पर लगा पीवीसी पैनल जलकर खाक हो गया। आग को कमरों की ओर बढ़ता देख परिजनों ने आनन-फानन में घर के अंदर रखा गैस सिलेंडर सुरक्षा के लिहाज से बाहर फेंक दिया। गनीमत रही कि समय रहते परिवार घर से बाहर निकल आया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

"परिजनों को कुछ हो जाता तो कौन होता जिम्मेदार?"

पंकज अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने यह स्कूटी 8 अगस्त 2022 को खरीदी थी। उन्होंने ओकिनावा कंपनी की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा, "अगर इस हादसे में मेरे परिवार को कुछ हो जाता, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती?" पीड़ित परिवार और क्षेत्रवासियों ने इस तरह की घटनाओं पर रोष जताते हुए सरकार से संबंधित कंपनी पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा पर उठे सवाल

क्षेत्रवासियों का कहना है कि आए दिन इलेक्ट्रिक स्कूटियों में बैटरी ब्लास्ट की खबरें सामने आ रही हैं, जो आमजन की जान के लिए बड़ा खतरा साबित हो रही हैं। लोगों ने मांग की है कि कंपनियों को सुरक्षा मानकों के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। फिलहाल, इस घटना के बाद इलाके में इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग को लेकर दहशत का माहौल है।

Next Story