भींडर से वल्लभनगर तक सम्मान की मिसाल, सीआई पूनाराम गुर्जर की ऐतिहासिक विदाई

भींडर से वल्लभनगर तक सम्मान की मिसाल, सीआई पूनाराम गुर्जर की ऐतिहासिक विदाई
X

उदयपुर. उदयपुर जिले के भींडर थाने में थानाधिकारी पद पर कार्यरत रहे सीआई पूनाराम गुर्जर का स्थानांतरण भींडर से वल्लभनगर थाना किया गया। रविवार सुबह भींडर थाने से उनकी भावुक और भव्य विदाई हुई, जिसमें भींडर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस अवसर पर ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने मेवाड़ी पाग व माला पहनाकर सीआई पूनाराम गुर्जर का पारंपरिक तरीके से सम्मान किया। इसके बाद उन्हें घोड़े पर बैठाकर डीजे के साथ जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान पुलिसकर्मी और थाना क्षेत्र की जनता उत्साह और सम्मान के साथ थिरकती नजर आई। पूरे माहौल में अपनापन और सम्मान देखने को मिला। भींडर थाने से विदा होने के बाद सीआई पूनाराम गुर्जर वल्लभनगर थाना पहुंचे, जहां उन्होंने दोपहर 12 बजे विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि सीआई पूनाराम गुर्जर ने अपने कार्यकाल में निष्पक्ष कार्यशैली, सख्त कानून व्यवस्था और जनता से सीधा संवाद कायम रखा, इसी वजह से उनकी विदाई एक अधिकारी नहीं, बल्कि अपने व्यक्ति की विदाई जैसी रही।

थानाधिकारी मुकेश कुमार ने घोड़े की रस्सी पकडक़र दी विदाई -

भींडर थाना में नवपदस्थ थानाधिकारी मुकेश कुमार ने पदभार ग्रहण करने के साथ ही मानवीय और भावनात्मक पहलू को भी सामने रखा। उन्होंने सीआई पूनाराम गुर्जर को घोड़े पर बैठाया और स्वयं घोड़े की रस्सी पकडक़र थाने से बाहर तक विदाई दी। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए खास रहा, जिसे कई लोगों ने अपने कैमरों में कैद किया।

सीआई ने भींडर थाना क्षेत्र का जताया आभार -

भींडर थाने से विदाई के बाद सीआई पूनाराम गुर्जर ने एक वीडियो शेयर करते हुए भींडर थाना क्षेत्र की जनता का आभार जताया। गुर्जर ने कहा कि मुझे यहां जो जनता ने सहयोग और स्नेह दिया जो मेरे कार्यकाल का एक शानदार लम्हा है, जिसे में संजोकर रखूंगा।

वल्लभनगर थाने में लंबे इंतजार के बाद मिली स्थायी नेतृत्व व्यवस्था -

उदयपुर जिले के वल्लभनगर उपखंड मुख्यालय स्थित वल्लभनगर थाना सर्कल में लंबे समय से सीआई का पद रिक्त था। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल द्वारा जारी आदेश के अनुसार अनुभवी अधिकारी पुनाराम गुर्जर को वल्लभनगर सर्कल इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया है। उनके आने से प्रशासनिक कार्यों और कानून व्यवस्था की निगरानी को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वल्लभनगर पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने सीआई गुर्जर का गर्मजोशी से स्वागत किया। व्यापार मंडल अध्यक्ष मुनेश पोखरणा सहित अन्य पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर और साफा बांधकर उनका अभिनंदन किया। कार्यभार संभालने के बाद सीआई पूनाराम गुर्जर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना रहेगी। उन्होंने व्यापारियों और ग्रामीणों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की।

Next Story