आबकारी विभाग का अवैध शराब के खिलाफ बड़ा एक्शन: हजारों लीटर वॉश और भट्टियां नष्ट

उदयपुर/हनुमानगढ़। प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और तस्करी को जड़ से खत्म करने के लिए आबकारी विभाग ने 'जीरो टॉलरेंस' की नीति के तहत अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के कड़े निर्देशों के बाद प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के अंतर्गत हनुमानगढ़ और बांसवाड़ा जिलों में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।
अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (पॉलिसी) प्रदीप सिंह सांगावत और अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (प्रशासन) अनिल कुमार शर्मा के सुपरविजन में गठित विशेष दलों ने विभिन्न क्षेत्रों में नाकाबंदी और दबिश दी।
हनुमानगढ़ में सरकारी भूमि पर चल रहा था अवैध धंधा
हनुमानगढ़ जिले के अमरपुरा खेड़ी, मुंडा, और मानकसर डीग्गवाला ग्रामों में आबकारी विभाग की टीमों ने अचानक दबिश दी। यहां सरकारी भूमि का उपयोग कर अवैध शराब बनाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान विभाग ने मौके पर करीब 4 हजार लीटर वॉश और 6 चालू भट्टियों को पूरी तरह नष्ट कर दिया।
बांसवाड़ा-कुशलगढ़ में भी कड़ा प्रहार
इसी तरह बांसवाड़ा और कुशलगढ़ क्षेत्रों में भी आबकारी निरोधक दल ने प्रभावी कार्रवाई की। यहाँ 3 हजार लीटर वॉश नष्ट किया गया और मौके से 173 बोतल अवैध मदिरा बरामद की गई। विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अन्य राज्यों से होने वाली शराब तस्करी पर लगाम लगाने के लिए प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में गश्त और नाकाबंदी बढ़ा दी गई है।
