कृषकों एवं युवाओं के हित में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित

उदयपुर, । संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा घोषित अन्तर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के तहत दी उदयपुर सेन्ट्रल कॉ-ओपरेटिव बैंक की फतहनगर शाखा से संबंधित आसना ग्राम सेवा सहकारी समिति में एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता शिविर का आयेजन किया गया।
शिविर के प्रारम्भ में आसना समिति के अध्यक्ष मांगीलाल डांगी द्वारा आमिंंत्रत सभी अतिथियों का स्वागत किया गया तथा समिति के माध्यम से आमजन को दी जाने वाली विभिन्न बैकिंग सुविधाओं की जानकारी दीगई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं बैंक प्रबंध निदेशक डॉ मेहजबीन बानों ने कृषको को राज्य सरकार के माध्यम से दी जाने वाली दुर्घटना बीमा योजना एवं सहकार जीवन सुरक्षा बीमा का महत्व बताया। साथ ही उन्होने कृषको एवं युवाओं को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना में पंजीकृत करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान ही समिति कृषक स्व. चोखालाल डांगी की मृत्यु के पश्चात दुर्घटना बीमा के अन्तर्गत प्राप्त क्लेम की 10 लाख रुपये की राशि का सांकेतिक चैक उनकी नामिति देवी बाई डांगी को दिया गया। वरि. प्रबंधक (ऋण) विशाल जैन ने बैंक के माध्यम से दिये जाने वाले अल्पकालीन ऋण, गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण, सहकार किसान कल्याण ऋण, वाहन ऋण एवं शिक्षा ऋण में आवेदन करने की विस्तृत प्रक्रिया समझाई। साथ ही उन्होंने सहकारी बैंक से ऋण लेने पर मिलने वाले ब्याज अनुदान की भी जानकारी दी। धर्मेश मोटवानी ने युवाओं पर विषेश ध्यान देते हुए उन्हें बैंक की बचत योजनाओं की जानकारी दी ।
अन्त में आसना समिति व्यवस्थापक लक्ष्मी राव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में फतहनगर शाखा प्रबंधक बालमुकुन्द खंडेलवाल, आसना एवं गुडली समितियों के संचालक मंडल सदस्यों, कृषको, महिलाओं एवं युवाओं सहित 60 प्रतिभागी उपस्थित रहे।
