उदयपुर में पहली बार संभाग स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता, GS क्लब बना विजेता

उदयपुर|बालाजी स्पोर्ट्स क्लब के तत्वावधान में उदयपुर शहर के पुला स्थित मैदान में संभाग स्तरीय एक दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में संभाग भर की 16 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजनकर्ताओं के अनुसार पुला क्षेत्र में पहली बार इस स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसे लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
आयोजनकर्ता यश पालीवाल ने बताया कि सुबह 9 बजे उद्घाटन मैच के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत हुई और दिनभर लगातार मुकाबले खेले गए। शाम करीब 10 बजे खेले गए फाइनल मुकाबले में GS क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए USA एकेडमी को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। USA एकेडमी उपविजेता रही।
विजेता टीम GS क्लब को ट्रॉफी के साथ 11 हजार रुपये नकद पुरस्कार तथा उपविजेता USA एकेडमी को ट्रॉफी एवं 5100 रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। यह टूर्नामेंट स्पॉन्सर्स रिद्धि सिद्धि, बेस्ट साउंड और डांगी सेवा संस्थान खेल संघ के सहयोग से आयोजित किया गया।
उद्घाटन समारोह में समाजसेवी राजेश मेनारिया, तुलसीराम लोहार, राजू ओड, योगेश कुमावत, दुर्गेश कुमावत, पुष्कर डांगी, रामलाल डांगी, भरत डांगी सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे। समापन समारोह में जिला वॉलीबॉल संघ अध्यक्ष देव नारायण धाबाई, जिला खेल अधिकारी अशोक चौधरी, नेशनल रेफरी मोहन लाल शर्मा, नरेश पालीवाल, राष्ट्रीय खिलाड़ी (वेटलिफ्टिंग) शंकर जी डांगी, भेरूलाल डांगी, लोकेश कुमावत सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर क्लब के गौरव कुमावत, प्रवीण डांगी, महेंद्र, पुष्कर, हरीश, कपिल, राज, मनीष सहित बालाजी स्पोर्ट्स क्लब के सदस्य उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर खेल प्रेमियों ने आयोजकों की सराहना की।
