डॉ भीमराव अम्बेडकर जयंती पर चार दिवसीय कार्यक्रम 11 से

उदयपुर, । सामाजिक न्याय और समानता के प्रतीक डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर चार दिवसीय कार्यक्रमों का आगाज शनिवार से होगा। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर राज्य सरकार द्वारा 11 से 14 अप्रैल तक ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उदयपुर में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में आयोजनों को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी वीरमाराम ने बताया कि डॉ अम्बेडकर जयंती के कार्यक्रम की शुरुआत 11 अप्रैल से होगी, जिसमें जिला मुख्यालय पर महात्मा ज्योतिबा फुले की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 12 अप्रैल को “संविधान को जानें” विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों और आवासीय विद्यालयों में ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाएगा, जो 14 अप्रैल तक चलेगी। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को संविधान के प्रति जागरूक करना है। 13 अप्रैल को तीसरे दिन “स्वच्छता एवं सामाजिक समरसता” विषय पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दिन संगोष्ठी, व्याख्यान, फिल्म प्रदर्शन और स्वच्छता अभियान के साथ-साथ विद्यालयों में निबंध लेखन, भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी, जिनका विषय अम्बेडकर और संविधान रहेगा।
मुख्य आयोजन 14 अप्रैल को जिला एवं राज्य स्तर पर होगा। इस दिन संविधान की प्रस्तावना का वाचन, शपथ ग्रहण तथा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जयपुर में राज्य स्तरीय समारोह श्री भवानी निकेतन महाविद्यालय में आयोजित होगा, जहां पुरस्कार वितरण एवं अन्य प्रमुख गतिविधियां होंगी।
जन सहभागिता पर जोर
चार दिवसीय आयोजनों को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन के निर्देशन में सभी संबंधित विभागों ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। कार्यक्रमों में जन सहभागिता को लेकर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
