हिन्दुस्तान जिंक और वर्जीनिया टेक के बीच एमओयू: सिल्वर रिकवरी और तकनीकी नवाचार पर होगा फोकस

उदयपुर। विश्व की अग्रणी इंटीग्रेटेड जिंक और टॉप पांच सिल्वर उत्पादक कंपनी हिन्दुस्तान जिंक ने वैश्विक स्तर पर अपनी तकनीकी क्षमता को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने अमेरिका की प्रतिष्ठित वर्जीनिया टेक यूनिवर्सिटी के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य लेड-जिंक कंसंट्रेटर में सिल्वर (चांदी) रिकवरी को बेहतर बनाने के लिए उन्नत वैज्ञानिक अनुसंधान (रिसर्च) को बढ़ावा देना है।
तकनीकी बारीकियों पर केंद्रित होगा शोध
इस एमओयू के तहत स्पेशल प्रोसेसिंग प्लांट्स में माइन किए गए ओर (अयस्क) को फ्लोटेशन प्रक्रिया के जरिए ट्रीट करने की कार्यप्रणाली पर गहरा अध्ययन किया जाएगा। वर्जीनिया टेक की विशेषज्ञता का उपयोग करते हुए, प्रोसेसिंग के दौरान इस्तेमाल होने वाले स्पेशल केमिकल्स और रिएजेंट्स के ऑप्टिमाइजेशन पर ध्यान दिया जाएगा। इससे न केवल कंसंट्रेट की क्वालिटी बेहतर होगी, बल्कि प्लांट ऑपरेशंस भी अधिक कुशल बनेंगे।
भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयारी
यह सहयोग मौजूदा प्लांट कॉन्फिगरेशन के साथ-साथ भविष्य में ओर (Ore) के प्रकार में होने वाले बदलावों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें रिएजेंट-मिनरल-वॉटर इंटरैक्शन जैसे मुख्य मेटलर्जिकल कारकों की जांच की जाएगी, जो प्रोसेस स्टेबिलिटी में अहम भूमिका निभाते हैं।
"हमारा मानना है कि मेटल और माइनिंग सेक्टर में ग्रोथ का अगला फेज साइंस, इनोवेशन और कोलेबोरेशन से चलेगा। वर्जीनिया टेक के साथ हमारी पार्टनरशिप हमारे नॉलेज इकोसिस्टम को मजबूत करने और भविष्य के लिए ऑपरेशन्स को तैयार करने में आवश्यक कदम है।" — अरुण मिश्रा, सीईओ, हिन्दुस्तान जिंक
ज्ञान साझाकरण और क्षमता निर्माण
वर्जीनिया टेक के माइनिंग और मिनरल्स इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख एरॉन नोबल ने इस साझेदारी को सार्थक प्रभाव डालने वाला बताया। प्रोजेक्ट के तहत हिन्दुस्तान जिंक की टीम के लिए नॉलेज ट्रांसफर, स्ट्रक्चर्ड वर्कशॉप और ट्रेनिंग सेशन भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे कर्मचारियों की तकनीकी क्षमता में इजाफा होगा।
विगत वर्षों में हिन्दुस्तान जिंक ने आईआईटी, सीएसआईआर लैबोरेटरीज और जवाहरलाल नेहरू सेंटर फॉर एडवांस्ड साइंटिफिक रिसर्च जैसे संस्थानों के साथ भी नवाचार के क्षेत्र में कार्य किया है, जो इसे एक 'टेक्नोलॉजी-फर्स्ट' कंपनी बनाने के विजन को मजबूती प्रदान करता है।
