खौफनाक मंजर: गहरी नींद में सो रहे युवक को 100 मीटर घसीट ले गया पैंथर, मौत

उदयपुर राजस्थान में उदयपुर शहर के समीप उपली बड़ी गांव में एक फार्म हाउस में पैंथर के हमला करने युवक की मौत होने का मामला सामने आया है।
बड़ी पंचायत के निवर्तमान सरपंच एवं प्रशासक मदन पंडित ने बताया कि पैंथर के हमले में उपली बड़ी निवासी बबलू गमेती की मौत हुई है। बबलू गमेती बड़ी के कृष्णा हॉर्स फार्महाउस पर चौकीदार था। शुक्रवार रात को वह फार्महाउस के अंदर खुले परिसर में सो रहा था। तभी पैंथर ने हमला किया। पैंथर बबलू का शिकार कर उसे घसीटता हुआ करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों में ले गया और वहां उसका पूरा एक पैर खा गया। यह घटना रात 1 बजे के बाद की हो सकती है। क्षेत्र में पिछले काफी समय से पैंथर का मूवमेंट था। मृतक के शव को एम बी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
उपवन संरक्षक अजय चित्तौड़ा ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या ये लेपर्ड (पैंथर) द्वारा शिकार करना लग रहा है, युवक की गर्दन पर दांतों के निशान है, हालांकि पूरी स्थिति पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगी। चूंकि यह सज्जनगढ़ अभयारण्य के पीछे दो किलोमीटर दूर की घटना है, तो संभवत वहां से कोई पैंथर माइग्रेट होकर इस तरफ आ गया होगा। सभी संभावित स्थानों पर पिंजरा लगाया है। उक्त लेपर्ड को पकड़ने के लिए वनकर्मियों की टीम लगातार सर्च कर रही है।
