सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद भारी हंगामा, ग्रामीणों का 50 लाख मुआवजे पर प्रदर्शन

उदयपुर। भटेवर-नवानिया मार्ग पर शुक्रवार देर शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे ने शनिवार को उग्र प्रदर्शन का रूप ले लिया। बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि मौके पर चार थानों का जाब्ता तैनात करना पड़ा।
हादसे के बाद बढ़ा तनाव
शुक्रवार शाम को एक युवक बाइक से जा रहा था, तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे चपेट में ले लिया। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसने दम तोड़ दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपा गया, तो माहौल गरमा गया। ग्रामीण और परिजन शव को ट्रैक्टर मालिक के घर के बाहर ले जाकर प्रदर्शन करने की जिद पर अड़ गए।
पुलिस और ग्रामीणों में तीखी झड़प
वल्लभनगर पुलिस ने जब एंबुलेंस और ग्रामीणों को आगे बढ़ने से रोका, तो विवाद और बढ़ गया। पुलिसकर्मियों द्वारा समझाइश के दौरान महिलाओं के साथ तीखी बहस हुई। इस दौरान एक आक्रोशित महिला ने पुलिस को खुलेआम धमकी देते हुए कहा, "मैं जान से मार दूंगी, हमें सिर्फ न्याय चाहिए।" पुलिस पिछले 3 घंटों से प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन गतिरोध बरकरार है।
भारी पुलिस बल तैनात, 50 लाख की मांग
घटनास्थल पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार थानों की पुलिस तैनात की गई है। ग्रामीण मृतक के परिवार के लिए 50 लाख रुपए के मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस अधिकारी लगातार समझाइश कर रहे हैं ताकि जाम और प्रदर्शन को समाप्त कर शव का अंतिम संस्कार कराया जा सके। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर मौके पर डटे हुए थे।
