लूट की नियत से मजदूर की चाकू मारकर हत्या:डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों का हंगामा

लूट की नियत से मजदूर की चाकू मारकर हत्या:डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों का हंगामा
X

उदयपुर में बदमाशों ने युवक पर लूट की नीयत में चाकू से घोंपकर मार डाला। युवक काम करने के लिए कृषि मंडी में जा रहा था। इसी बीच 3 बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने युवक को लूटने की कोशिश तो विरोध करने पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। युवक के चिल्लाने पर बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना गुरुवार सुबह 4 बजे सेक्टर-8 से गुजर रही रेलवे लाइन के पास की है।

सुबह किसी राहगीर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया गया, दोपहर करीब 12 बजे युवक की मौत हो गई। इधर, इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हॉस्पिटल में प्रदर्शन किया। मुआवजा और लापरवाह डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। सवीना और हाथीपोल थाना पुलिस ने माहौल शांत कराया।

प्रेम गमेती (मृतक) के साले हीरालाल ने बताया कि उनके जीजाजी प्रेम गमेती (32) को घायल अवस्था में पहले सेटेलाइट हॉस्पिटल ले जाया गया था। वहां से उन्हें सरकारी एमबी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टरों ने टांके लगाकर पट्टी कर दी, और फिर उन्हें थाने में जाकर रिपोर्ट लिखवाने के लिए कहा।

हीरालाल ने आगे बताया कि घायल को एंबुलेंस में लेकर थाने में रिपोर्ट लिखवाने पहुंचे, लेकिन वहां एक घंटे तक रिपोर्ट नहीं लिखी गई। इस दौरान, घायल प्रेम गमेती एंबुलेंस में दर्द से कराह रहे थे और बार-बार कह रहे थे कि जल्द मुझे हॉस्पिटल ले चलो। मैं मर जाउंगा। इसके बाद उन्हें तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

Tags

Next Story