भटेवर में एल्युमीनियम फैक्ट्री में भीषण आग: 20 लाख से अधिक का नुकसान, टला बड़ा हादसा

उदयपुर/भटेवर | उदयपुर के भटेवर क्षेत्र में रविवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नवानिया रोड स्थित 'मन मंदिर एल्युमीनियम प्राइवेट लिमिटेड' के गोदाम और फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से ही दिखाई देने लगा। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों रुपए की मशीनें और माल जलकर खाक हो गया।
गर्म ऑयल के रिसाव से भड़की चिंगारी:
घटना दोपहर करीब 2 बजे की है जब फैक्ट्री में काम चल रहा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, प्लांट के अंदर भट्टी पर ऑयल गर्म करने की प्रक्रिया के दौरान अचानक पाइप या टैंक से तेल का रिसाव (लीकेज) शुरू हो गया। गर्म तेल ने तुरंत आग पकड़ ली और कुछ ही मिनटों में पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया। आग भड़कते ही वहां मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और वे जान बचाने के लिए बाहर की तरफ दौड़े। गनीमत रही कि समय रहते सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
2 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग:
सूचना मिलते ही वल्लभनगर थाना पुलिस और उदयपुर से फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भीषण थी कि शुरुआती दौर में पानी की बौछारें भी बेअसर साबित हो रही थीं। दमकलकर्मियों ने करीब 2 घंटे तक जूझने के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने आसपास के रास्ते को भी कुछ समय के लिए बंद करवा दिया था।
कीमती मशीनें और स्टॉक जलकर राख:
फैक्ट्री मालिक चिराग जैन ने बताया कि इस अग्निकांड में फैक्ट्री के अंदर रखी कीमती मशीनें, कच्चा माल और तैयार एल्युमीनियम का स्टॉक पूरी तरह जल गया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, करीब 20 लाख रुपए से ज्यादा का आर्थिक नुकसान हुआ है। यदि समय पर दमकल की गाड़ियां नहीं पहुंचतीं, तो आग पास स्थित अन्य दुकानों और गोदामों तक भी फैल सकती थी।
