पिपलवास उच्च माध्यमिक विद्यालय में 250 से अधिक स्वेटर वितरण

उदयपुर, । जिले के पिपलवास उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्वर्गीय टिकमदास मेथानी एवं स्वर्गीय गोदावरी देवी मेथानी की पुण्य स्मृति में स्वेटर वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह सेवा कार्यक्रम भामाशाह दीपक मेथानी एवं पूनम मेथानी के सौजन्य से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, देवीलाल एवं अटली बाई (पूर्व सरपंच, पिपलवास) की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय की प्रिंसिपल सरोज जैन की विशेष उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को 250 से अधिक स्वेटर वितरित किए गए, जिससे विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को लाभ प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत एक भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रसिद्ध बॉलीवुड म्यूजिक डायरेक्टर एकार्थ पुरोहित द्वारा भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी गई। भजनों के माध्यम से विद्यालय परिसर भक्ति रस और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर हो गया। विद्यालय प्रशासन, ग्राम वासियों एवं विद्यार्थियों ने प्रिंसिपल सरोज जैन सहित भामाशाह मेथानी परिवार का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए इस सेवा कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
