सरसों-चना खरीद: 1 अप्रैल से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर तुलाई

उदयपुर रबी सीजन 2026 के अंतर्गत किसानों से सरसों एवं चना की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद की प्रक्रिया शीघ्र प्रारम्भ की जाएगी। राजफैड के उदयपुर क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत आने वाले उदयपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा एवं सलुम्बर जिलों में 20 मार्च से ऑनलाइन पंजीकरण तथा 1 अप्रैल से खरीद शुरू होगी।
सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम दक ने बताया कि राजफैड द्वारा रबी-2026 में सरसों एवं चना की समर्थन मूल्य पर खरीद की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलों में किसानों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 20 मार्च से प्रारंभ होगी, जबकि खरीद कार्य 1 अप्रैल से शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 6,200 रुपये प्रति क्विंटल तथा चना का समर्थन मूल्य 5,875 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। राज्य में सरसों की 13.78 लाख मीट्रिक टन तथा चना की 5.53 लाख मीट्रिक टन खरीद की सीमा तय की गई है। जिलेवार खरीद सीमा भी ऑनलाइन उपलब्ध करवा दी गई है। राजफैड के उदयपुर क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत आने वाले जिलों में खरीद कार्य नैफैड के माध्यम से कराया जाएगा।
सहकारिता मंत्री ने बताया कि सरसों एवं चना बेचने के इच्छुक किसान क्यूआर कोड स्कैन कर या ई-मित्र केंद्र के माध्यम से पंजीकरण करवा सकेंगे। समर्थन मूल्य पर खरीद किसानों की आधार आधारित बायोमेट्रिक पहचान के माध्यम से ही की जाएगी। भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार नैफैड द्वारा समर्थन मूल्य पर खरीद 60 दिनों की अवधि में की जाएगी।
उन्होंने राजफैड अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। किसान अपनी फसल को एफएक्यू गुणवत्ता मानकों के अनुरूप संबंधित क्रय-विक्रय सहकारी समिति अथवा ग्राम सेवा सहकारी समिति केंद्र पर बेच सकेंगे।
किसानों की सुविधा के लिए राजफैड में 18001806001 कॉल सेंटर भी स्थापित किया गया है। सहकारिता मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल को साफ-सुथरा कर तथा छानकर ही क्रय केंद्रों पर लाएं, ताकि गुणवत्ता मानकों के अनुरूप खरीद की जा सके।
राजफैड के उदयपुर क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत आने वाले जिलों में कुल 53 खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं।
