प्रमोशन एग्जाम के लिए दौड़ रहे पुलिसकर्मी की मौत

उदयपुर। पुलिस विभाग में प्रमोशन के फिजिकल एग्जाम के दौरान हार्ट अटैक से पुलिसकर्मी की मौत हो गई। पुलिस लाइन में चल रही हेड कॉन्स्टेबल से एएसआई की प्रमोशन रनिंग के दौरान हेड कॉन्स्टेबल जब्बर सिंह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत एमबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी भी मोर्चरी पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक दौड़ के बीच में ही जब्बर सिंह (42) की तबीयत बिगड़ गई थी। इस दौरान साथियों ने तुरंत प्राथमिक उपचार की कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। वे 2011 में कांस्टेबल पर भर्ती हुए थे। इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक जब्बर सिंह उदयपुर जिले में लंबे समय से सेवाएं दे रहे थे। वे वर्तमान में झाड़ोल थाने में पोस्टेड थे। विभागीय अधिकारियों ने उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
