राज सखी मेला 15 से टाउन हॉल में: ग्रामीण महिलाओं के हुनर और उत्पादों की सजेगी आकर्षक प्रदर्शनी

उदयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को सशक्त बनाने और स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका), उदयपुर द्वारा जिला स्तरीय राज सखी मेला-2026 का आयोजन 15 से 21 मार्च तक नगर निगम परिसर स्थित टाउन हॉल में किया जाएगा।
राजीविका के जिला परियोजना प्रबंधक ख्यालीलाल मीणा ने बताया कि मेले में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक राजस्थान सहित विभिन्न जिलों की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पाद, पारंपरिक वस्त्र, हस्तशिल्प सामग्री और विभिन्न प्रकार की खाद्य सामग्री की आकर्षक प्रदर्शनी एवं बिक्री होगी। मेले के दौरान प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में राजस्थानी लोक नृत्य, सूफी संगीत, बॉलीवुड गीत, वाद्य संगीत, जादूगर शो, कठपुतली नृत्य सहित राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति से जुड़े विविध प्रस्तुतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। मेले के माध्यम से अरावली क्षेत्र की ग्रामीण महिलाओं तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को एक मंच मिलेगा। इससे उनकी आय में वृद्धि होने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहन मिलेगा।
