जिला मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट के राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन में छाया राजस्थान, नवाचारों की हुई सराहना

उदयपुर,। आकांक्षी ज़िलों एवं ब्लॉक में जिला मिनरल फ़ाउंडेशन ट्रस्ट की राशि के प्रभावी उपयोग पर राष्ट्रीय सम्मेलन 23 एवं 24 मार्च को नई दिल्ली के स्कोप कन्वेंशन सेंटर पर आयोजित हुआ। शिखर सम्मेलन में मुख्य अतिथि खान एवं कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी थे। अध्यक्षता खान मंत्रालय के सचिव पीयूष गोयल ने की।
राजस्थान की स्टेट नोडल ऑफ़िसर खान एवं भूविज्ञान निदेशालय की अतिरिक्त निदेशक ज्योति मेहता ने बताया कि प्रदेश की ओर से जैसलमेर जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी ने मॉडल डिस्ट्रिक्ट एवं परफॉर्मेंस रैंकिंग विषय पर प्रजेंटेशन दिया गया। साथ ही प्रश्नोत्तरी में भी भाग लिया। शिखर सम्मेलन में 23 राज्यों के जिला मिनरल फ़ाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष जिला कलक्टर तथा ख़ान विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में आयोजित प्रदर्शनी में राजस्थान की ओर से लगाए गए दो स्टॉलों पर राज्य के विभिन्न ज़िलों के जिला मिनरल फ़ाउंडेशन ट्रस्ट के नवाचारों व कार्यों को फ़िल्मों एवं प्रचार सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। केंद्रीय मंत्री एवं उपस्थित प्रतिभागियों ने राज्य के नवाचारों व कार्यों को सराहा गया।
