सरसों व चना की समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन शुक्रवार से, 1 अप्रैल से होगी खरीद

उदयपुर, । राजफैड द्वारा रबी-2026 के अन्तर्गत सरसों एवं चना की समर्थन मूल्य पर खरीद 1 अप्रैल से शुरू की जा रही है जिसकी ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 20 मार्च 2026 से प्रारंभ होगी।
उप रजिस्ट्र्रार सहकारी समितियां, उदयपुर लोकेश जोशी ने बताया कि उदयपुर जिले के फतहनगर क्षेत्र में संजीवन क्रय विक्रय सहकारी समिति फतहनगर पर एवं उसके उप केन्द्र जेवाणा ग्राम सेवा सहकारी समिति पर तथा भींडर क्षेत्र में भींडर क्रय विक्रय सहकारी समिति पर तथा उसके 4 उपकेन्द्रों - नवानिया, सांरगपुरा, कानोड तथा चारभुजा खेरोदा की ग्राम सेवा सहकारी समितियों पर खरीद होगी। भारत सरकार द्वारा सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 6,200 रू. प्रति क्वि. एवं चना का समर्थन मूल्य 5,875 रू. प्रति क्वि. घोषित किया गया है। राज्य में सरसों की 13.78 लाख मीट्रिक टन एवं चना की 5.53 लाख मीट्रिक टन खरीद की सीमा निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि जिलेवार सीमा ऑनलाईन उपलब्ध करवा दी गई है। क्षैत्रीय कार्यालय, राजफेड उदयपुर अन्तर्गत आने वाले 7 जिलों में नैफैड द्वारा खरीद कार्य करवाया जा रहा है।
जोशी ने बताया कि सरसों एवं चना विक्रय के इच्छुक किसान स्वयं क्यूआर स्कैन कर अथवा ई-मित्र के माध्यम से पंजीकरण करवा सकेंगे। समर्थन मूल्य पर खरीद किसानों की आधार आधारित बायोमेट्रिक पहचान के माध्यम से ही की जायेगी। भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार नैफैड के लिए समर्थन मूल्य पर खरीद 60 दिवस की अवधि में की जाएगी। उप रजिस्ट्र्रार, उदयपुर ने सभी खरीद केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्व रुप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जोशी ने कहा कि किसान पूर्व की भांति एफ.ए.क्य.ू गुणवत्ता के अनुरुप अपनी फसल उपरोक्त 7 केन्द्रों पर विक्रय कर सकेंगे। किसान भाइयों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो इसके लिए राजफेड में कॉल सेन्टर 18001806001 स्थापित किया गया है। उन्होंने किसानों से अनुरोध किया कि वे अपनी फसल को साफ-सुथरा कर तथा छानकर क्रय केन्द्रों पर लाएं ताकि गुणवत्ता मापदंडों के अनुरुप विक्रय कर सकें।
