आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा, केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने ली बैठक

आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा, केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने ली बैठक
X

उदयपुर, । भारत सरकार के नीति आयोग के आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्रीय प्रभारी अधिकारी सुभाष चंद्र करोल ने शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में समीक्षा बैठक लेते हुए जिले के चयनित आकांक्षी ब्लॉक खेरवाड़ा में संचालित कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। बैठक में आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों, उपलब्धियों और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिया डाबी तथा मुख्य आयोजना अधिकारी महावीर प्रसाद द्वारा जिले में आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम की प्रगति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। उन्होंने बताया कि नीति आयोग द्वारा निर्धारित विभिन्न संकेतकों पर खेरवाड़ा में लगातार कार्य किया जा रहा है और विभागीय समन्वय के माध्यम से योजनाओं के बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं।

बैठक में संपूर्णता अभियान के प्रथम चरण में प्राप्त उपलब्धियों की जानकारी भी दी गई। सीईओ डाबी ने बताया कि पहले चरण के दौरान स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं बुनियादी ढांचे से जुड़े कई लक्ष्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। साथ ही वर्तमान में चल रहे द्वितीय चरण की गतिविधियों और निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति से भी केंद्रीय प्रभारी अधिकारी को अवगत कराया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा किए गए इन्नोवेशन और बेस्ट प्रैक्टिस की भी जानकारी प्रस्तुत की गई। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय स्तर पर कई नवाचारों के माध्यम से कार्यक्रम के क्रियान्वयन को अधिक प्रभावी बनाया गया है, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है।

बैठक में जिला कलेक्टर की पहल पर संचालित “खुशहाल खेरवाड़ा अभियान” के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से क्षेत्र में सामाजिक एवं आर्थिक विकास के विभिन्न आयामों पर कार्य किया जा रहा है और इससे स्थानीय समुदाय को सकारात्मक लाभ मिल रहा है।

केंद्रीय प्रभारी अधिकारी करोल ने आकांक्षी ब्लॉक खेरवाड़ा में हो रहे कार्यों और प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि किसी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केंद्रीय मंत्रालयों से अतिरिक्त सहयोग या संसाधनों की आवश्यकता हो तो उससे संबंधित आवश्यकताएं स्पष्ट रूप से साझा की जाएं, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रतिभा गुप्ता, आईसीडीएस उपनिदेशक नंदलाल मेघवाल, सीडीईओ कार्यालय के सहायक निदेशक डॉ. दिनेश बंसल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story