राजस्थान स्थापना दिवस पर विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला: जनजातीय गौरव दिवस समारोह के साथ हुआ आयोजन

राजस्थान स्थापना दिवस पर विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला: जनजातीय गौरव दिवस समारोह के साथ हुआ आयोजन
X

उदयपुर, । राजस्थान स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत सोमवार को नगर निगम के दीनदयाल उपाध्याय सभागार में जिला स्तरीय राजस्थान जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डूंगरपुर जिले के बेणेश्वर धाम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने जनजातीय समाज के विकास, परंपराओं के संरक्षण और शिक्षा व रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

जिला स्तरीय समारोह में शहर विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि राजस्थान की जनजातीय संस्कृति प्रदेश की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जनजातीय समाज ने सदियों से अपनी परंपराओं, लोक कला, रीति-रिवाजों और प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन शैली को सहेज कर रखा है, जो पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम में समाजसेवी रविन्द्र श्रीमाली, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिया डाबी, टीएडी उपायुक्त निरमा विश्नोई, जिला परिषद एसीईओ विरमा राम सहित बड़ी संख्या में युवा एवं आमजन उपस्थित रहे।

राजस्थान युवा शक्ति दिवस का आयोजन आज

राजस्थान स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहे साप्ताहिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार को जिला स्तरीय राजस्थान युवा शक्ति दिवस का आयोजन नगर निगम के दीनदयाल उपाध्याय सभागार में किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में राजस्थान को जानो विषयक क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन मंगलवार को किया जाएगा।

Next Story