फतहसागर पाल पर “मेरा उदयपुर- मेरी पहचान” अभियान के तहत श्रमदान

उदयपुर । हरिश्चन्द्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान (एचसीएम रीपा) द्वारा जिला कलेक्टर नमित मेहता की पहल पर शहर में चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान “मेरा उदयपुर-मेरी पहचान” के तहत शनिवार को शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल फतहसागर झील की पाल पर स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारियों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।
उपनिदेशक (लेखा) एवं पाठ्यक्रम निदेशक महेन्द्र सिंह सीमार ने बताया कि इस श्रमदान कार्यक्रम में संस्थान में संचालित कनिष्ठ लेखाकारों के संस्थानिक प्रशिक्षण बैच-06 के सभी प्रशिक्षणार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रशिक्षणार्थियों ने झील की पाल क्षेत्र में फैले प्लास्टिक, कचरे एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्रित कर साफ-सफाई की तथा आमजन को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।
जिला कलेक्टर मेहता की पहल पर 31 मार्च तक चलाए जा रहे इस विशेष “मेरा उदयपुर-मेरी पहचान” अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाना है। इस तरह के श्रमदान कार्यक्रमों से न केवल शहर की साफ-सफाई में सहयोग मिलता है, बल्कि नागरिकों में सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना भी मजबूत होती है। श्रमदान के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को स्वच्छता के महत्व, प्लास्टिक मुक्त वातावरण और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं स्वच्छता का पालन करेंगे और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनमें शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
