चिरवा में कलेक्टर की मौजूदगी में विशेष ग्राम सभा, विकसित ग्राम के लिए बनेगा दीर्घकालिक मास्टर प्लान

उदयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की महत्वाकांक्षी पहल मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान के तहत शुक्रवार को बड़गांव तहसील के चिरवा गांव में विशेष ग्राम सभा का आयोजन हुआ। इस अवसर पर जिला कलेक्टर नमित मेहता ने ग्राम सभा में भाग लेकर ग्रामीणों के साथ विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। विशेष ग्राम सभा में गांव के समग्र विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार करने को लेकर मंथन हुआ।
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिया डाबी ने अभियान की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल के माध्यम से गांवों की वर्तमान आवश्यकताओं के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित किया जाएगा।इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, कृषि सुविधाओं के विस्तार सहित विभिन्न आधारभूत संरचनाओं के विकास को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सुझाव पेटी भी रखी गई, जिसमें आमजन अपने विचार लिखित माध्यम से प्रशासन से साझा कर सकेंगे।
इस अवसर पर जिला कलक्टर मेहता ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गांवों की विकास संबंधी आवश्यकताओं का चिन्हीकरण कर उसका ठोस मसौदा और दस्तावेज तैयार करना है। उन्होंने बताया कि खेल मैदान, कृषि संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी जरूरतों को चिन्हित कर एक समग्र विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने सुझाव दें, ताकि आगामी 5, 10 और 15 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक प्रभावी विकास योजना बनाई जा सके। यह दस्तावेज राज्य सरकार को प्रेषित किया जाएगा, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में गति आएगी। ग्राम सभा में एडीसीएम बड़गांव लतिका पालीवाल, गिर्वा एसडीएम अवुला सांईकृष्ण, एसीईओ विरमा राम, बीडीओ शैलेन्द्र खींची सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
अशोक नगर में आयोजित शिविर में भी की शिरकत
इससे पूर्व कलेक्टर मेहता ने शहर के अशोक नगर में आयोजित मुख्यमंत्री विकसित शहरी वार्ड अभियान के तहत आयोजित शिविर में भी शिरकत की तथा शहरवासियों से संबंधित वार्ड के विकास हेतु मास्टर प्लान तैयार करने संबंधित आमजन से चर्चा की और उनके सुझाव लिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, नगर निगम के पूर्व उपमहापौर पारस सिंघवी, एसडीएम गिर्वा अवुला साईंकृष्ण सहित निगम अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
