राजस्थान दिवस सप्ताह डिजिटल क्विज, निबंध व चित्रकला प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों ने लिया उत्साह से भाग

उदयपुर, 15 मार्च। राजस्थान दिवस सप्ताह के तहत शिक्षा विभाग के माध्यम से जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में डिजिटल क्विज, निबंध लेखन तथा चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में राजस्थान के इतिहास, संस्कृति और विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा।
मुख्य जिला शिक्षाधिकारी प्रतिभा गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। डिजिटल क्विज के माध्यम से छात्रों ने राजस्थान के गौरवशाली इतिहास, लोकसंस्कृति और समकालीन विकास से जुड़े प्रश्नों का उत्तर दिया, वहीं निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने राजस्थान की समृद्ध विरासत, परंपराओं और विकसित राजस्थान के सपने को अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रस्तुत किया।
