हाईवे पर पलटा सरसों के तेल से भरा टैंकर, घायल ड्राइवर को बचाने के बजाय तेल लूटने में जुटे ग्रामीण

उदयपुर। गोगुंदा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-27 पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। कांडला (गुजरात) से सरसों का तेल लेकर नीमच (मध्य प्रदेश) जा रहा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मानवता को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई, जहां केबिन में फंसे घायल ड्राइवर की मदद करने के बजाय ग्रामीण बर्तन और बाल्टियां लेकर तेल लूटने के लिए टूट पड़े।
केबिन में फंसा रहा ड्राइवर, ग्रामीणों में मची तेल लूटने की होड़
हादसा सुबह करीब 8 बजे कीर्तिराज होटल के पास हुआ। जैसे ही तेल से भरा टैंकर पलटा, सड़क किनारे सरसों का तेल बहने लगा। इसकी खबर आग की तरह आसपास के गांवों में फैल गई। देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण खाली डिब्बे, बाल्टी और ड्रम लेकर मौके पर पहुंच गए। टैंकर का ड्राइवर भाई ठाकुर (40), निवासी पालनपुर (गुजरात), केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था और दर्द से कराह रहा था, लेकिन भीड़ उसकी जान बचाने के बजाय सड़क पर बहता तेल बटोरने में मशगूल रही।
पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ा
घटना की सूचना मिलते ही गोगुंदा थाना पुलिस के उपनिरीक्षक हितेश यादव जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सख्त रवैया अपनाया और तेल लूट रहे लोगों को मौके से खदेड़ा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर केबिन में फंसे ड्राइवर को बाहर निकाला और तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। बाद में क्रेन बुलाकर टैंकर को सड़क किनारे करवाया गया।
न्यूट्रल करने की गलती पड़ी भारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा ढलान पर टैंकर को न्यूट्रल करने की वजह से हुआ। माना जा रहा है कि ढलान पर ईंधन बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने टैंकर को न्यूट्रल कर दिया, जिससे वाहन बेकाबू हो गया और सीधे चट्टान से टकराकर पलट गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
