शहरी सेवा शिविर अभियान में युडीए की मिलेंगी दोहरी सेवाएं

उदयपुर, । राज्य सरकार द्वारा शहरी नागरिकों को प्रदत्त सेवाओं के शीघ्र निस्तारण एवं जन समस्याओं के समाधान एवं शहरी क्षेत्र को स्वच्छ, सुन्दर एवं सुव्यवस्थित बनाये जाने के लिए आगामी 15 सितम्बर से शहरी सेवा शिविर अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। इस अभियान में उदयपुर विकास प्राधिकरण की ओर से आमजन की सुविधा के लिए दोहरी सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए युडीए आयुक्त राहुल जैन के निर्देशन में समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
युडीए सचिव हेमेंद्र नागर ने बताया कि अभियान के दौरान 15 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक उदयपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय परिसर में शिविर आयोजित होगा। इसमें युडीए क्षेत्र से जुड़ी आमजन की सभी तरह की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा नगर निगम उदयपुर द्वारा भी अभियान अवधि के दौरान वार्डवार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में भी उदयपुर विकास प्राधिकरण की ओर से काउंटर लगाकर प्राधिकरण से सम्बन्धित सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इसमें आमजन आवश्यक कार्य के आवेदन पत्र प्रस्तुत कर उक्त अभियान के दौरान उदयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जानी वाली सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
नागर ने बताया कि उक्त अभियान के दौरान उदयपुर विकास प्राधिकारण द्वारा भू-रूपान्तरण 90-ए (कृषि भूमि नियमन), भू-उपयोग परिवर्तन, लीज डीड/पट्टा जारी करना, फ्री होल्ड पट्टा जारी करना, भवन निर्माण अनुमति जारी करना, उप विभाजन / एकीकरण की कार्यवाही किया जाना, नामान्तरकरण करना, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र जारी करना, बकाया लीज जमा करना, खांचा भूमि आवंटन करना, प्राधिकरण की भूमि से अतिक्रमण हटाना, विभिन्न आवासीय योजनाओं में आवंटन / नीलामी करना, सफाई व्यवस्था में सुधार एवं ब्लैकस्पोटों की समाप्ति, नई स्ट्रीट लाईट लगाना एवं बन्द लाईट को चालू कराना, सड़क मरम्मत इत्यादि हेतु प्रस्ताव स्वीकृति/मौके पर काम, विभिन्न सार्वजनिक स्थलों जैसे पार्का, बस स्टेण्ड़ों, सामुदायिक केन्द्रों में रखरखाव के कार्य, विभिन्न आवासीय योजनाओं में निर्मित फ्लेट्स का ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों को आवंटन करना, आवासीय योजनाओं में आवंटित फ्लेट्स के कब्जा-पत्र जारी करना आदि कार्य किए जाएंगे।
