उदयपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: शादी समारोहों में लूट करने वाली कुख्यात सांसी गैंग के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार

उदयपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: शादी समारोहों में लूट करने वाली कुख्यात सांसी गैंग के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार
X

उदयपुर। शहर की सुखेर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय 'कड़िया सांसी गैंग' के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने इनके पास से करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात भी शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं।

शादी के जश्न के बीच उड़ाया था गहनों का बैग

घटनाक्रम के अनुसार, बीते 11 मार्च को सुखेर थाना क्षेत्र के महाप्रज्ञ विहार स्थित तेरापंथ भवन में नरेंद्र शर्मा के पुत्र शुभम की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। स्वागत द्वार पर मेहमानों की अगवानी के दौरान प्रार्थी के पास गहनों से भरा एक काला बैग था, जिसमें दुल्हन के लिए लाए गए समस्त आभूषण थे। रात करीब 10:38 बजे बदमाशों ने मेहमान बनकर प्रवेश किया और नजर चूकते ही बैग पार कर दिया।

पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों का पीछा किया। जांच में मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कड़िया सांसी और गुलखेड़ी गांवों के बदमाशों की संलिप्तता सामने आई। कई दिनों तक उनके ठिकानों पर दबिश देने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को धर दबोचा।

आरोपियों की पहचान और कबूलनामा

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिता सालकराम सांसी (26) और नकुल सांसी (24) (निवासी राजगढ़, मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में बदमाशों ने देशभर में 50 से अधिक वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। यह गैंग मुख्य रूप से बैंकों के बाहर ग्राहकों की रेकी करने और शादी समारोहों में चोरी की घटनाओं के लिए कुख्यात है।

न्यायालय में पेशी, रिमांड जारी

पुलिस ने आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें पी.सी. रिमांड पर सौंपा गया है। पुलिस अब अन्य राज्यों और शहरों में की गई वारदातों के संबंध में विस्तृत अनुसंधान कर रही है, जिससे कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Tags

Next Story