राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय विद्यालयों में आयोजित होगी विविध गतिविधियां

उदयपुर। प्रदेश सरकार के “शिक्षित राजस्थान अभियान - प्रखर राजस्थान 2.0” के तहत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के निर्देशन में शुक्रवार को राज्य के समस्त राजकीय विद्यालयों में मेगा पेरेंट्स-टीचर मीट (पीटीएम) का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय और अभिभावकों के बीच संवाद को सुदृढ़ कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता, उपस्थिति, व्यवहार एवं सीखने की गति को बेहतर बनाना है। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डॉ प्रतिभा गुप्ता ने बताया कि मेगा पीटीएम के दौरान जिले भर के राजकीय विद्यालयों के कक्षा 6 से 12 वीं तक के विद्यार्थियों के साथ ही शिक्षक एवं अभिभावक सक्रिय सहभागिता निभाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए राज्य स्तरीय संदेश प्रसारित किया जाएगा। सभी विद्यालयों में यह संदेश सामूहिक रूप से देखा-सुना जाएगा।
ऐसी रहेगी मेगा पीटीएम की रूपरेखा
सभी राजकीय विद्यालयों में मेगा पीटीएम के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, उपस्थिति, अनुशासन और सीखने के परिणामों पर अभिभावकों के साथ चर्चा की जाएगी। विद्यालय स्तर पर नवाचार, शिक्षण सामग्री, गतिविधि-आधारित अधिगम, “लर्निंग आउटकम्स” तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर प्रस्तुति दी जाएगी। स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, स्कूल प्रबंधन समितियाँ एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधि भी मेगा पीटीएम के दौरान विद्यालयों में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, बाल संसद, शैक्षिक फिल्म स्क्रीनिंग एवं चर्चा तथा बच्चों की कैरियर आकांक्षाएं संबंधित विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएगी।
शिक्षा विभाग ने पूरी की आवश्यक तैयारियां
सीडीईओ गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम का सीधा प्रसारण “राजएडु ऑफिशियल” के सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के माध्यम से किया जाएगा। राज्य स्तर पर शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी एवं ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अपने-अपने स्तर पर कार्यक्रम का निरीक्षण करेंगे ताकि सभी विद्यालयों में पीटीएम का संचालन प्रभावी ढंग से हो सके। अभियान का प्रमुख फोकस “माता-पिता की सक्रिय भागीदारी” पर है, ताकि अभिभावक विद्यालयी शिक्षा से सीधे जुड़ें और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अपनी भूमिका निभाएं। प्रत्येक विद्यालय में अभिभावकों को उनके बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं सुधार क्षेत्रों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में भी आयोजित होगी विशेष गतिविधियाँ
मेगा पीटीएम के दौरान विद्यालयों में राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में “यूनिटी इन डायवर्सिटी” की भावना पर आधारित सांस्कृतिक एवं सृजनात्मक गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएंगी, जिनमें विद्यार्थियों द्वारा पोस्टर, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएँ होंगी साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन से जुड़े रोचक प्रसंगों पर भी चर्चा की जाएगी। “प्रखर राजस्थान 2.0” के तहत शिक्षा विभाग द्वारा यह प्रयास किया जा रहा है कि राज्य के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और शिक्षक-अभिभावक दोनों मिलकर भविष्य की पीढ़ी को सशक्त बनाएं। इसके तहत शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, शिक्षण के नवाचारों को बढ़ावा देना, विद्यार्थियों की बुनियादी सीखने की क्षमता को सशक्त करना तथा अभिभावकों की भागीदारी को सुनिश्चित करना है। इसी कड़ी में यह मेगा पीटीएम एक प्रमुख पहल है, जिसमें शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक एक साथ मिलकर शिक्षण की प्रगति पर चर्चा करेंगे।
