ग्राम उत्थान शिविर 2026: जिले भर में शिविर आयोजित, समस्याओं के समाधान से आमजन खुश

उदयपुर, । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेश भर में किसानों और आमजन को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए ग्राम उत्थान शिविरों के तहत गुरुवार को विभिन्न आईएलआर सर्कल पर शिविर आयोजित हुए। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने शिविरों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

कृषि विभाग के संयुकत निदेशक सुधीर वर्मा ने बताया कि फलासिया में आयोजित शिविर में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को एसडीएम, बीडीओ, तहसीलदार, समाजसेवी भेरूलाल प्रजापत, किसान नेता प्रेमचंद, जिला परिषद सदस्य धूलीराम, एवं वार्ड पंच रोशन लाल भगोरा के हाथों से वित्तीय स्वीकृतियां वितरित की गई। जिसमें बैलों द्वारा खेती योजना में 60 किसानों को 30-30 हजार की दर से कुल 18 लाख की वित्तीय स्वीकृति दी गई। इसके अतिरिक्त कृषि यंत्र की 1.25 लाख तथा दो लाभार्थियों को 1.10-1.10 लाख की स्वीकृतियां प्रदान की गईं। वहीं गोवर्धन जैविक योजना के तहत 15 कृषकों को 10-10 हजार की दर से कुल 1.50 लाख की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई। शिविर में कृषि विभाग से सहायक कृषि अधिकारी हरिराम डामोर, कृषि पर्यवेक्षक रितु राणावत एवं कमलेश खराड़ी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला परिषद सीईओ ने किया निरीक्षण

मावली के घासा में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का जिला परिषद सीईओ रीया डाबी ने निरीक्षण किया। उन्होने शिविर में उपस्थित विभागीय अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए और लाभार्थियों को लाभ वितरित किए। गुरूवार को जिले में गुरूवार को गुड़ली, घासा, करणपुर, बड़गांव, पुनावली, महाडी, कोजावाडा, बड़ला, कनबई एवं ईसवाल में ग्राम उत्थान शिविर आयोजित हुए। शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, राजस्व, कृषि विपणन, डेयरी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, ऊर्जा, उद्योग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज सहित 16 विभागों की सहभागिता रही। शिविरों में तारबंदी, पाईप लाईन, फार्म पौण्ड, बैलों से खेती योजना के अन्तर्गत प्रोत्साहन राशि की स्वीकृतियां, सॉइल हेल्थ कार्ड वितरण, बीज मिनिकिट वितरण का सत्यापन करने के साथ ही फव्वारा एवं ड्रिप, प्लास्टिक मल्च, सौर पम्प संयंत्र इत्यादि की स्वीकृतियां और मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना के आवेदनों सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्य किए गए। इसी प्रकार स्वामित्व कार्डों का वितरण, नहरों एवं खालों की मरम्मत की आवश्यकताओं का चिन्हीकरण, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अन्तर्गत पंजीकरण एवं युवा स्वरोजगार योजना सहित अन्य कार्य भी संपादित किए। हाथों हाथ लाभ मिलने से किसानों के चेहरे खिल उठे।

Next Story